KNEWS DESK – प्रभास, कृति सेनन और सैफ अली खान स्टारर फिल्म ‘आदिपुरुष’ को रिलीज हुए तीन साल बीत चुके हैं, लेकिन यह फिल्म आज भी भारतीय सिनेमा की सबसे विवादित फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म के डायलॉग्स और वीएफएक्स को लेकर उस समय जबरदस्त विवाद हुआ था। अब फिल्म के डायलॉग राइटर और गीतकार मनोज मुंतशिर ने पहली बार खुलकर स्वीकार किया है कि इस फिल्म से जुड़ा अनुभव उनके करियर की सबसे बड़ी गलती साबित हुआ।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में मनोज मुंतशिर ने कहा कि शुरुआत में उन्होंने फिल्म को लेकर हो रही आलोचनाओं को गंभीरता से नहीं लिया। हालांकि कुछ समय बाद उन्हें एहसास हुआ कि मामला कितना बड़ा है। उन्होंने स्वीकार किया कि फिल्म का बचाव करना भी उनकी एक बड़ी भूल थी।
मनोज मुंतशिर ने कहा, “आदिपुरुष मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी और उस फिल्म का बचाव करना उससे भी बड़ी गलती थी। जो कुछ भी हुआ, उसके लिए मुझे बहुत शर्मिंदगी है। मैं पूरे देश से माफी मांगता हूं।”
उन्होंने फिल्म के विवादित डायलॉग्स का भी जिक्र किया। मुंतशिर ने कहा कि जब वह आज उन डायलॉग्स को याद करते हैं तो उन्हें खुद शर्म महसूस होती है। उन्होंने माना कि अब उन्हें समझ नहीं आता कि आखिर उन्होंने उस तरह के संवाद कैसे लिख दिए थे।
साल 2023 में रिलीज हुई ‘आदिपुरुष’ का निर्देशन ओम राउत ने किया था। फिल्म में प्रभास भगवान राम, कृति सेनन माता सीता और सैफ अली खान रावण के किरदार में नजर आए थे। रिलीज के बाद फिल्म अपने डायलॉग्स, वीएफएक्स और कई रचनात्मक फैसलों को लेकर लगातार विवादों में रही। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक और धार्मिक संगठनों तक ने फिल्म की आलोचना की थी।
भारी विवादों का असर फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर भी देखने को मिला। करीब 500 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म दुनिया भर में लगभग 393 करोड़ रुपये का कारोबार ही कर सकी और अपनी लागत तक नहीं निकाल पाई। इस वजह से इसे हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी असफल फिल्मों में शामिल किया जाता है।
तीन साल बाद मनोज मुंतशिर का यह सार्वजनिक बयान एक तरह से उस विवाद पर उनका आत्ममंथन माना जा रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में स्वीकार किया कि ‘आदिपुरुष’ से मिली सीख उनके जीवन का सबसे बड़ा सबक है और भविष्य में वह ऐसी गलती दोहराना नहीं चाहेंगे।