CWG 2026: भारत को बड़ा झटका, डोपिंग नियम उल्लंघन में सस्पेंड हुईं जूडोका तूलिका मान, कॉमनवेल्थ गेम्स से बाहर

Knews Desk- मनवेल्थ गेम्स 2026 शुरू होने से पहले भारतीय दल को एक और बड़ा झटका लगा है। महिला जूडो खिलाड़ी तूलिका मान को नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (NADA) ने अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। इसके चलते वह ग्लासगो में आयोजित हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। तूलिका 2022 के बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए रजत पदक जीत चुकी हैं और इस बार भी उनसे पदक की उम्मीद थी।

तूलिका मान पर किसी प्रतिबंधित दवा के सेवन का आरोप नहीं लगा है। उन्हें ‘व्हेयरअबाउट क्लॉज’ का उल्लंघन करने के कारण सस्पेंड किया गया है। जानकारी के मुताबिक, पिछले एक साल के भीतर वह तीसरी बार डोप टेस्ट के दौरान निर्धारित स्थान पर उपलब्ध नहीं थीं। इसी आधार पर NADA ने उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित करते हुए जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया है।

क्या होता है ‘व्हेयरअबाउट क्लॉज’?

NADA और WADA के रजिस्टर्ड टेस्टिंग पूल (RTP) में शामिल खिलाड़ियों को पूरे साल अपनी लोकेशन और ट्रेनिंग शेड्यूल की जानकारी देना अनिवार्य होता है। इससे अधिकारी बिना पूर्व सूचना के कभी भी डोप टेस्ट कर सकते हैं। यदि कोई खिलाड़ी तय समय पर उपलब्ध नहीं होता या अपनी लोकेशन अपडेट नहीं करता, तो उसके नाम एक ‘मिस्ड टेस्ट’ दर्ज किया जाता है। एक वर्ष में तीन मिस्ड टेस्ट होने पर खिलाड़ी के खिलाफ डोपिंग नियम उल्लंघन की कार्रवाई की जाती है। यदि खिलाड़ी की सफाई स्वीकार नहीं की जाती, तो उस पर अधिकतम चार साल का प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

तूलिका मान ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में महिलाओं की 78 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में रजत पदक जीतकर इतिहास रचा था। इस बार भी उन्हें भारतीय जूडो टीम में शामिल किया गया था, लेकिन निलंबन के कारण उनका अभियान शुरू होने से पहले ही समाप्त हो गया।

CWG 2026 से पहले डोपिंग का तीसरा मामला

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 से पहले भारतीय खिलाड़ियों से जुड़ा यह डोपिंग नियम उल्लंघन का तीसरा मामला है। इससे पहले पुरुष जूडो खिलाड़ी अर्जुन कुमार को प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन के आरोप में टीम से बाहर किया गया था। वहीं पिस्टल शूटर गौरव कुमार मसूरी भी डोप टेस्ट में फेल होने के बाद खेलों से बाहर हो चुके हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने भारत की पदक उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *