Flipkart की फूड डिलीवरी मार्केट में एंट्री की तैयारी, Zomato-Swiggy को मिलेगी नई चुनौती

KNEWS DESK- ई-कॉमर्स कंपनी Flipkart अब ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेगमेंट में कदम रखने की तैयारी कर रही है। लंबे समय से Zomato और Swiggy के दबदबे वाले इस बाजार में Flipkart की एंट्री प्रतिस्पर्धा को और तेज कर सकती है। कंपनी शुरुआती चरण में सीमित स्तर पर अपनी सेवा शुरू करेगी और ग्राहकों के फीडबैक के आधार पर इसे देशभर में विस्तार देगी।

Flipkart Group के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) कल्याण कृष्णमूर्ति ने एक इंटरव्यू में बताया कि कंपनी अगले कुछ हफ्तों में फूड डिलीवरी सर्विस की टेस्टिंग शुरू करेगी। शुरुआत में चुनिंदा यूजर्स के बीच इस सेवा को उपलब्ध कराया जाएगा ताकि ग्राहकों की प्रतिक्रिया समझी जा सके। उन्होंने कहा कि कंपनी पहले ग्राहकों की जरूरतों और अनुभव का आकलन करेगी। यदि सेवा को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है, तो इसे बड़े स्तर पर लॉन्च किया जाएगा।

Flipkart ऐप पर भी मिलेगी सुविधा

कंपनी के मुताबिक, फूड डिलीवरी सर्विस एक अलग ऐप के साथ उपलब्ध होगी, लेकिन इसका एक्सेस Flipkart के मुख्य ऐप से भी किया जा सकेगा। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस सेवा की ब्रांडिंग, लॉन्च डेट या किन शहरों में शुरुआत होगी, इसकी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, Flipkart अपनी फूड डिलीवरी सेवा को सरकार समर्थित Open Network for Digital Commerce (ONDC) के साथ जोड़ सकती है। ONDC का उद्देश्य डिजिटल कॉमर्स को अधिक प्रतिस्पर्धी और खुला बनाना है, जिससे छोटे और बड़े सभी कारोबारियों को समान अवसर मिल सकें। हालांकि, Flipkart ने अभी इस इंटीग्रेशन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

भारत का ऑनलाइन फूड डिलीवरी बाजार तेजी से बढ़ रहा है। Zomato और Swiggy फिलहाल इस सेक्टर के सबसे बड़े खिलाड़ी हैं, लेकिन हाल के महीनों में कई नई कंपनियां भी अलग-अलग बिजनेस मॉडल के साथ बाजार में उतर रही हैं।Flipkart की रणनीति भी उसके Quick Commerce प्लेटफॉर्म Flipkart Minutes की तरह चरणबद्ध विस्तार पर आधारित होगी, जहां पहले सीमित स्तर पर सेवा शुरू की जाती है और फिर मांग के अनुसार विस्तार किया जाता है।

Rapido और Swiggy भी कर चुके हैं नए प्रयोग

Flipkart से पहले राइड-हेलिंग कंपनी Rapido ने भी Ownly नाम से अपना फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म लॉन्च किया था। कंपनी का फोकस कम लागत, जीरो रेस्टोरेंट कमीशन और किफायती कीमतों के जरिए नए ग्राहकों को जोड़ने पर है। वहीं, Swiggy ने भी बजट-केंद्रित ग्राहकों के लिए Toing नाम से नया ऐप पेश किया है। इन नई पहलों से साफ है कि कंपनियां अब सिर्फ तेज डिलीवरी ही नहीं, बल्कि कम कीमत और बेहतर वैल्यू के जरिए ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश कर रही हैं।

क्या बदलेगा फूड डिलीवरी का बाजार?

अगर Flipkart अपनी मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क, बड़े ग्राहक आधार और ONDC जैसी तकनीकों का प्रभावी इस्तेमाल करता है, तो फूड डिलीवरी सेक्टर में प्रतिस्पर्धा और बढ़ सकती है। इसका फायदा ग्राहकों को बेहतर ऑफर्स, कम डिलीवरी चार्ज और अधिक विकल्पों के रूप में मिल सकता है, जबकि रेस्टोरेंट्स को भी नए प्लेटफॉर्म के जरिए कारोबार बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *