KNEWS DESK – साल 2023 में रिलीज हुई अक्षय कुमार और पंकज त्रिपाठी स्टारर फिल्म ‘OMG 2’ एक बार फिर चर्चा में आ गई है। इस बार फिल्म की कहानी को लेकर विवाद खड़ा हुआ है। अभिनेता परेश रावल ने दावा किया था कि फिल्म का आइडिया और कहानी उनकी सोच पर आधारित थी, लेकिन उन्हें इसका क्रेडिट नहीं दिया गया। अब इन आरोपों पर फिल्म के निर्देशक अमित राय और को-प्रोड्यूसर अश्विन वर्दे ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
अमित राय ने परेश रावल के दावे को बताया बेबुनियाद
एक इंटरव्यू में अमित राय ने परेश रावल के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह किस आधार पर ऐसा कह रहे हैं, इसका जवाब उन्हें देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ दावा करने से कोई बात साबित नहीं होती।
अमित राय ने कहा कि फिल्म की कहानी उन्होंने लिखी है और इसके लेखक होने का सबूत स्क्रीनराइटर एसोसिएशन का सर्टिफिकेट है, जिस पर उनका नाम दर्ज है।
‘फिल्म मेरा बच्चा है’
अमित राय ने अपनी बात रखते हुए फिल्म की तुलना एक बच्चे से की। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को लिखने, बनाने और आगे बढ़ाने का काम उन्होंने किया है।
उन्होंने कहा कि परेश रावल की यह निजी राय हो सकती है, लेकिन फिल्म की कहानी और लेखन को लेकर उनके पास सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं।
अश्विन वर्दे ने आरोपों को बताया झूठा
फिल्म के को-प्रोड्यूसर अश्विन वर्दे ने भी परेश रावल के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि अमित राय जब उनके पास कहानी लेकर आए थे तो उन्हें लगा कि यह ‘OMG’ के फॉर्मेट से जुड़ी हुई कहानी है।
अश्विन के मुताबिक, अमित राय ने बताया था कि परेश रावल ने ही उन्हें कहानी को ‘OMG’ के फॉर्मेट के करीब रखने की सलाह दी थी।
‘मेरे लिए ये चोरी से कम नहीं था’
अश्विन वर्दे ने दावा किया कि ‘OMG’ के राइट्स अक्षय कुमार के पास हैं। उन्होंने कहा कि जब अमित राय ने इस बारे में परेश रावल से बात की तो उन्होंने दावा किया कि राइट्स उनके पास हैं।
अश्विन ने कहा कि किसी और की संपत्ति का इस्तेमाल करने की कोशिश करना गलत है और उनके लिए यह किसी चोरी से कम नहीं था।
अजय और सलमान ने क्यों किया था फिल्म से इनकार?
परेश रावल ने अपने इंटरव्यू में कहा था कि उन्होंने अक्षय कुमार वाले किरदार के लिए पहले अजय देवगन और सलमान खान से संपर्क किया था।
इस पर अश्विन वर्दे ने कहा कि दोनों कलाकारों को पता था कि यह ‘OMG’ फ्रेंचाइजी की फिल्म है और इसके अधिकार अक्षय कुमार के पास हैं, इसलिए उन्होंने फिल्म करने से मना किया।
परेश रावल ने किया था आइडिया पर दावा
दरअसल, परेश रावल ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि ‘OMG 2’ का शुरुआती आइडिया उन्होंने निर्देशक अमित राय के साथ मिलकर तैयार किया था। उनके मुताबिक, अक्षय कुमार के जुड़ने के बाद कहानी में काफी बदलाव किए गए।
बता दें कि साल 2012 में आई पहली फिल्म ‘OMG’ में परेश रावल ने मुख्य भूमिका निभाई थी, जबकि ‘OMG 2’ में पंकज त्रिपाठी लीड रोल में नजर आए थे और अक्षय कुमार भगवान शिव के दूत के किरदार में दिखाई दिए थे।