KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार नानी की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्म ‘द पैराडाइज’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। लंबे समय से चर्चा में बनी इस फिल्म की रिलीज डेट तय हो गई है। अब यह फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। खास बात यह है कि रिलीज से पहले ही फिल्म ने करोड़ों रुपये का कारोबार कर लिया है।
रिकॉर्ड कीमत में बिके डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘द पैराडाइज’ के निजाम एरिया के थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 37 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत में बिके हैं। इन्हें प्रमुख डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी मैत्री मूवी ने खरीदा है। इस बड़ी डील को फिल्म के प्रति इंडस्ट्री के मजबूत भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है।
नानी और श्रीकांत ओडेला की फिर बनी जोड़ी
‘द पैराडाइज’ का निर्देशन श्रीकांत ओडेला कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले नानी के साथ ‘दसारा’ में काम किया था। फिल्म का निर्माण सुधाकर चेरुकुरी बड़े पैमाने पर कर रहे हैं। मेकर्स इस फिल्म को पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज करने की तैयारी में हैं।
राघव जुयाल निभाएंगे दमदार विलेन
फिल्म में नानी के सामने बॉलीवुड अभिनेता राघव जुयाल मुख्य खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे। ‘किल’ में अपने निगेटिव किरदार से दर्शकों को प्रभावित करने वाले राघव अब साउथ सिनेमा में भी खतरनाक विलेन के रूप में दिखाई देंगे। उनके इस रोल को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है।
दमदार स्टारकास्ट और बदला हुआ लुक
फिल्म में नानी के साथ कायाडू लोहार लीड एक्ट्रेस के रूप में नजर आएंगी। इसके अलावा मोहन बाबू और संपूर्णेश बाबू भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। अपने किरदार ‘जडल’ के लिए नानी ने पूरी तरह नया लुक अपनाया है, जिसकी झलक पहले ही फैंस को काफी पसंद आ चुकी है।
फिल्म का गाना ‘आया शेर’, जिसे अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया है, रिलीज के बाद से ही काफी लोकप्रिय हो चुका है। यह गाना सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ और फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी।