KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस दिया मिर्जा अपनी शानदार एक्टिंग के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर बेबाक राय रखने के लिए भी जानी जाती हैं। एक्ट्रेस अक्सर इंडस्ट्री से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखती हैं। अब दिया मिर्जा ने फिल्म इंडस्ट्री के ब्यूटी स्टैंडर्ड और महिलाओं पर बनाए जाने वाले दबाव को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है।
लुक बदलने की दी जाती थी सलाह
दिया मिर्जा ने बताया कि जब उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा था, तब उन्हें भी अपनी खूबसूरती और लुक को लेकर कई तरह की सलाह दी जाती थीं। एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि उन्हें अपने होंठों में इंजेक्शन लगवाने और शरीर के आकार में बदलाव करने तक की सलाह दी गई थी।
दिया ने कहा कि उन्हें ऐसी सलाह ज्यादातर पुरुषों की तरफ से मिली। उनके मुताबिक, किसी महिला ने कभी उन्हें अपने चेहरे या शरीर में बदलाव करवाने के लिए नहीं कहा।
पुरुषों से मिली कॉस्मेटिक बदलाव की सलाह
एक्ट्रेस ने बताया कि जब उनसे उम्र और खूबसूरती को लेकर भेदभाव के बारे में पूछा गया तो उन्होंने माना कि उन्हें कई बार इसका सामना करना पड़ा। दिया ने कहा कि कुछ लोगों का मानना था कि ज्यादा आकर्षक दिखने के लिए उन्हें अपने लुक में बदलाव करने चाहिए।
उन्होंने बताया कि कई डायरेक्टर, फिल्म मेकर और खुद को एक्सपर्ट बताने वाले लोग उन्हें इस तरह की सलाह देते थे।
कम उम्र में महसूस होने लगी थी कमी
दिया मिर्जा ने कहा कि इन बातों का उनके आत्मविश्वास पर काफी असर पड़ा था। उस समय उन्हें खुद में कमियां नजर आने लगी थीं, जबकि वह उस वक्त दो बड़े ब्यूटी टाइटल जीत चुकी थीं और उनकी उम्र भी 20 साल से कम थी।
एक्ट्रेस ने बताया कि लगातार मिलने वाली ऐसी टिप्पणियों की वजह से उन्हें अपने शरीर और लुक को लेकर असुरक्षा महसूस होने लगी थी।
ब्यूटी स्टैंडर्ड पर बात करते हुए दिया मिर्जा ने कहा कि महिलाओं को खुद को वैसे ही स्वीकार करना चाहिए जैसी वे हैं। उन्होंने कहा कि असली खूबसूरती किसी कॉस्मेटिक बदलाव में नहीं बल्कि आत्मविश्वास और खुद से प्यार करने में होती है।