Knews Desk- चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी की मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मंच पर दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और कुछ देर तक बातचीत भी की। इस तस्वीर के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को चंडीगढ़ पहुंचे थे, जहां उन्होंने एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और जनसभा को संबोधित किया। चंडीगढ़ से लोकसभा सांसद होने के नाते कांग्रेस नेता मनीष तिवारी भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों नेताओं की मुलाकात हुई।
मुलाकात की टाइमिंग पर उठे सवाल
पीएम मोदी और मनीष तिवारी की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब संसद का मानसून सत्र शुरू होने वाला है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज है। ऐसे में दोनों नेताओं की बातचीत ने नई सियासी अटकलों को जन्म दे दिया है।
पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी कलह के बीच चर्चा तेज
मनीष तिवारी की पीएम मोदी से मुलाकात को पंजाब कांग्रेस के हालिया घटनाक्रम से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पार्टी में संगठनात्मक बदलाव और नेतृत्व को लेकर पहले भी असंतोष की खबरें सामने आती रही हैं। मनीष तिवारी कई मौकों पर पार्टी के फैसलों पर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।
बीजेपी-कांग्रेस दोनों ने नहीं दिया कोई बयान
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो के बाद कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, इस मुलाकात को लेकर अभी तक न तो कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिक्रिया आई है और न ही बीजेपी ने कोई राजनीतिक बयान दिया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं मनीष तिवारी
मनीष तिवारी कांग्रेस के अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। वह तीन बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं और केंद्र की यूपीए सरकार में मंत्री भी रहे हैं। छात्र राजनीति से कांग्रेस से जुड़े तिवारी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।