NDA संसदीय दल की बैठक को मिला नया नाम, अब ‘मंगल मिलन’ के नाम से होगी शुरुआत

KNEWS DESK – केंद्र की सत्ता में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने अपनी कार्यशैली में एक और बदलाव किया है। NDA संसदीय दल की नियमित बैठक का नाम अब बदलकर ‘मंगल मिलन’ कर दिया गया है। नए नाम के साथ इस बैठक की पहली शुरुआत 21 जुलाई को होने जा रही है।

संसद सत्र के दौरान होने वाली NDA संसदीय दल की बैठक आमतौर पर मंगलवार को आयोजित की जाती है। अब इसी परंपरा को नए नाम के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, 21 जुलाई की सुबह 9:30 बजे संसद भवन में ‘मंगल मिलन’ बैठक होगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी NDA सांसदों को संबोधित करेंगे।

मोदी सरकार में पहले भी बदले गए कई नाम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली NDA सरकारों के दौरान कई महत्वपूर्ण स्थानों और इमारतों के नाम बदले गए हैं। सरकार का कहना रहा है कि ये बदलाव भारतीय संस्कृति, विरासत और आधुनिक सोच को दर्शाने के उद्देश्य से किए गए हैं।

रेस कोर्स रोड बना लोक कल्याण मार्ग

मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास वाली सड़क रेस कोर्स रोड का नाम बदलकर लोक कल्याण मार्ग कर दिया गया था। सितंबर 2016 में हुए इस बदलाव के बाद प्रधानमंत्री आवास का पता लोक कल्याण मार्ग के नाम से जाना जाने लगा।

राजपथ से हुआ कर्तव्य पथ

मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में राजधानी दिल्ली की ऐतिहासिक सड़क राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ कर दिया गया। सितंबर 2022 में हुए इस बदलाव के बाद इंडिया गेट से राष्ट्रपति भवन तक जाने वाले इस मार्ग को नए नाम से पहचाना जाने लगा।

केंद्रीय सचिवालय को मिला नया नाम

मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में भी नाम बदलने की प्रक्रिया जारी रही। केंद्र सरकार ने केंद्रीय सचिवालय का नाम बदलकर कर्तव्य भवन कर दिया। इसके साथ ही साउथ ब्लॉक, जहां प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) स्थित है, का नाम सेवा तीर्थ रखा गया।

कर्तव्य भवन को सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत आधुनिक तरीके से तैयार किया गया है। यहां कई महत्वपूर्ण सरकारी विभागों के कार्यालयों को एक जगह स्थानांतरित किया गया है।

अब NDA संसदीय दल की बैठक का नाम ‘मंगल मिलन’ रखा जाना भी इसी बदलाव की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है, जहां नए नाम के साथ गठबंधन की बैठकों का संचालन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *