KNEWS DESK – मशहूर पंजाबी सिंगर और लिरिसिस्ट श्री बराड़ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंगर से कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। पैसे नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी मिलने की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह धमकी बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी जीशान अख्तर की ओर से दी गई है। जीशान अख्तर फिलहाल विदेश में बताया जा रहा है। उसने कथित तौर पर एक ऑडियो जारी कर श्री बराड़ को धमकी दी और 5 करोड़ रुपये की मांग की। हालांकि, इस ऑडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।
‘5 करोड़ नहीं दिए तो ऊपर का टिकट कटवा लेना’
जानकारी के मुताबिक, कथित ऑडियो में श्री बराड़ को पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। इसमें कहा गया है कि अगर 5 करोड़ रुपये नहीं मिले तो उन्हें जान से हाथ धोना पड़ सकता है।
बताया जा रहा है कि जीशान अख्तर का नाम लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े मामलों में भी सामने आया है और वह कथित तौर पर पाकिस्तान में मौजूद आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में है।
फिलहाल इस पूरे मामले पर श्री बराड़ की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
कौन हैं श्री बराड़?
श्री बराड़ का असली नाम पवनदीप सिंह बराड़ है। हालांकि, वह पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपने स्टेज नेम श्री बराड़ के नाम से ज्यादा मशहूर हैं।
उन्होंने साल 2016 में सिंगर और लिरिक्स राइटर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। उनका पहला गाना ‘प्रिंस ऑफ पटियाला’ था, जिसे उन्होंने खुद लिखा और गाया था।
सोशल मीडिया पर है बड़ी फैन फॉलोइंग
श्री बराड़ ने अपने करियर में कई हिट पंजाबी गाने दिए हैं। उनके गाने यूट्यूब और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काफी लोकप्रिय हैं।
इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं, जबकि उनके यूट्यूब चैनल पर भी बड़ी संख्या में सब्सक्राइबर जुड़े हुए हैं। हाल ही में रिलीज हुए उनके गाने ‘Tunn Vi Deyange’ को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और कुछ ही समय में इसे लाखों व्यूज मिल चुके हैं।