KNEWS DESK – हॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन और सुपरस्टार टॉम हॉलैंड व मैट डेमन इन दिनों भारत में हैं। तीनों दिग्गज अपनी अपकमिंग फिल्म द ओडिसी के प्रमोशन और प्रीमियर के लिए मुंबई पहुंचे हैं।
शनिवार को इन हॉलीवुड सितारों ने मुंबई के कोलाबा स्थित मशहूर Olympia Coffee House का दौरा किया। 108 साल पुराने इस कैफे में नोलन, टॉम हॉलैंड और मैट डेमन ने चाय की चुस्कियां लीं और बन मस्का का स्वाद चखा।
हॉलीवुड सितारों ने लिया मुंबई के स्वाद का मजा
यूनिवर्सल पिक्चर्स इंडिया ने इन सितारों के कॉफी हाउस विजिट का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में तीनों कलाकार कैफे में बैठकर चाय और स्नैक्स एंजॉय करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि चाय पीने से पहले तीनों ने एक-दूसरे के साथ चियर्स भी किया। भारत की आम जिंदगी और यहां के मशहूर खाने का अनुभव लेते हुए हॉलीवुड सितारे काफी खुश नजर आए।
कैफे मैनेजर को नहीं थी बड़े सितारों की जानकारी
दिलचस्प बात यह रही कि ओलंपिया कॉफी हाउस के मैनेजर इनायत मरेदिया को शुरुआत में यह पता ही नहीं था कि उनके कैफे में हॉलीवुड के इतने बड़े सितारे आने वाले हैं।
उन्होंने बताया कि पहले उनके मेहमानों की टीम कैफे पहुंची थी और कुछ लोग बाहर इंतजार कर रहे थे। बाद में जब उन्होंने गूगल पर सर्च किया तो उन्हें पता चला कि टॉम हॉलैंड वही अभिनेता हैं, जिन्होंने ‘स्पाइडर-मैन’ का किरदार निभाया है।
सितारों को देखने उमड़ी भीड़
जैसे ही लोगों को पता चला कि क्रिस्टोफर नोलन, टॉम हॉलैंड और मैट डेमन कैफे में मौजूद हैं, बाहर फैंस की भीड़ जमा हो गई। सुरक्षा के लिए बॉडीगार्ड्स और पुलिस भी मौजूद थी।
कैफे मैनेजर के मुताबिक, तीनों सितारे करीब 10 से 15 मिनट तक वहां रुके। उन्होंने चाय, बन मस्का और कुछ हल्के स्नैक्स का आनंद लिया, लेकिन भीड़ बढ़ने के कारण उन्हें जल्दी निकलना पड़ा।
‘द ओडिसी’ को लेकर भारत में बढ़ा क्रेज
क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘द ओडिसी’ को लेकर दुनियाभर में उत्साह देखने को मिल रहा है। भारत में भी हॉलीवुड की इस बड़ी फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा क्रेज है। फिल्म के प्रमोशन के दौरान हॉलीवुड सितारों का मुंबई के पुराने कैफे में पहुंचना अब चर्चा का विषय बन गया है।