Knews Desk– वियतनाम के लोकप्रिय पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक पर्यटन नाव अचानक समुद्र में पलट गई, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अब तक यह आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतकों में कितने भारतीय नागरिक शामिल हैं। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया, जो समाचार लिखे जाने तक जारी था।वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने भी इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नाव में कई भारतीय पर्यटक सवार थे। दूतावास के अनुसार, स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है और घटना से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नाव में करीब 24 भारतीय नागरिक सवार थे। बताया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु से कुल 105 पर्यटक वियतनाम की यात्रा पर गए थे, जिनमें से कुछ इस नाव पर मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, नाव पर सवार लोगों में आंध्र प्रदेश के पांच और तमिलनाडु के 17 पर्यटक शामिल थे। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि आंध्र प्रदेश के दो लोग सुरक्षित बचा लिए गए हैं, जबकि तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तमिलनाडु के कई पर्यटकों को भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों की स्थिति पर स्थानीय प्रशासन और भारतीय दूतावास लगातार नजर बनाए हुए हैं।भारतीय दूतावास ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि फु क्वोक द्वीप के पास हुई इस दुखद घटना के बाद स्थानीय प्रशासन की ओर से बड़े स्तर पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। दूतावास ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। इन कंट्रोल रूम के माध्यम से पीड़ित परिवारों को जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है और आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है। दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि परिजन अपने परिजनों की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकें।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद कई निजी नावें भी राहत और बचाव कार्य में शामिल हो गईं। बचाव अभियान में शामिल एक नाव चालक ने बताया कि उनकी नाव महज पांच मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई थी। हालांकि, कई यात्री पलटी हुई नाव के अंदर फंसे हुए थे, जिससे राहत कार्य काफी चुनौतीपूर्ण हो गया। कई लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया, जबकि कुछ यात्रियों तक समय रहते पहुंचना संभव नहीं हो सका।यह घटना वियतनाम में पिछले वर्ष हुए एक बड़े नौका हादसे की याद भी ताजा कर देती है। जुलाई 2025 में हा लॉन्ग खाड़ी में अचानक आए तूफान के दौरान एक पर्यटक नाव पलट गई थी, जिसमें कम से कम 35 लोगों की मौत हुई थी। उस हादसे में कई बच्चे भी जान गंवा बैठे थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने वियतनाम के समुद्री पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर स्थिति पर नजर रखे हुए है। मृतकों और घायलों की आधिकारिक पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने कहा है कि बचाव अभियान पूरा होने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही हादसे के कारणों और हताहतों की वास्तविक संख्या की पुष्टि की जा सकेगी।