Knews Desk- लखनऊ में शुक्रवार को हुई तेज बारिश का असर बिजली आपूर्ति पर भी देखने को मिला। शहर के कई इलाकों में बारिश के कारण पावर हाउस और फीडरों में तकनीकी खराबी आने से घंटों बिजली गुल रही। गोमतीनगर विस्तार से लेकर नगराम और काकोरी तक हजारों उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
गोमतीनगर विस्तार में 4 हजार उपभोक्ता रहे परेशान
गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर-4 बिजली उपकेंद्र में सुबह करीब 5 बजे खराबी आ गई। बारिश के दौरान नमी और स्पार्किंग के चलते सप्लाई प्रभावित हुई। इसके कारण करीब 4 हजार उपभोक्ताओं को लगभग 10 घंटे तक बिजली कटौती झेलनी पड़ी।
बिजली विभाग की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और मरम्मत का काम शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर करीब 4 बजे आधे इलाके की सप्लाई बहाल कर दी गई, जबकि शाम 7 बजे तक सभी उपभोक्ताओं के घरों में बिजली पहुंच सकी। इस दौरान LDA के गंगा, यमुना और सरस्वती समेत करीब 10 अपार्टमेंट के लोग परेशान रहे। कुछ जगहों पर जनरेटर के सहारे बिजली व्यवस्था संभाली गई।
नगराम के 50 गांवों में 6 घंटे बिजली संकट
नगराम के समेसी उपकेंद्र के बहरौली फीडर में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे अचानक खराबी आ गई। तेज बारिश के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिसे करीब 6 घंटे बाद बहाल किया जा सका।
इससे नेहरू नगर, मकदूमनगर, बहरौली, मोदीनगर, भदुआ, खवासखेड़ा, जवाहर सिंह का पुरवा और बड़ेहा समेत करीब 50 गांवों के लोग प्रभावित हुए। बिजली कटौती के कारण ग्रामीणों को घरेलू कामों और पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ा।
नादान महल रोड पर तारों में लगी आग
पुराने लखनऊ के नादान महल रोड स्थित अकबरी गेट इलाके में बारिश के बीच तारों के जाल में आग लग गई। अचानक हुए धमाके और तेज चिंगारियों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद करीब 100 से ज्यादा उपभोक्ताओं की बिजली लगभग 3 घंटे तक बंद रही।
इसके अलावा निशातगंज फीडर में फॉल्ट आने से शाम के समय करीब 2 घंटे तक बिजली बाधित रही। वहीं विराजखंड उपकेंद्र के वास्तु खंड फीडर में तकनीकी खराबी के कारण वास्तु खंड और कठौता गांव के कुछ हिस्सों में बिजली संकट बना रहा।
कई इलाकों में घंटों प्रभावित रही सप्लाई

बारिश के चलते विभूति खंड, मधुरिमा होटल क्षेत्र, पिकप भवन, विशाल खंड, अमीनाबाद, लाटूश रोड, कैसरबाग, जंगलीगंज, फूलवाली गली, घैली समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। वजीरबाग में नाले का पानी ट्रांसफार्मर तक पहुंचने के कारण सप्लाई रोकनी पड़ी।
काकोरी में 6 घंटे बाद लौटी बिजली
काकोरी क्षेत्र में शाहपुर फीडर की बिजली आपूर्ति भी बारिश के कारण बाधित हो गई। सुबह करीब 4 बजे गई बिजली दिन में 11 बजे के बाद बहाल हो सकी। इस दौरान कई ग्राम सभाओं के हजारों उपभोक्ताओं को उमस, पेयजल संकट और घरेलू कामों में परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान शाहपुर फीडर पर अक्सर लंबी बिजली कटौती होती है। लोगों ने बिजली विभाग से फॉल्ट को जल्द ठीक करने और स्थायी समाधान की मांग की है।