TMC के 12 और बैंक अकाउंट फ्रीज, 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा के लेन-देन की जांच

Knews Desk- पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर चल रही सियासी खींचतान के बीच पार्टी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस से जुड़े 12 और बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए हैं। इन खातों में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की संदिग्ध राशि होने की बात सामने आई है। यह कार्रवाई कथित संदिग्ध लेन-देन की जांच के तहत की गई है।

मामला उस समय और गरमा गया, जब पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी और ऋतब्रत बनर्जी गुट के बीच ‘असली टीएमसी’ को लेकर विवाद तेज हो गया है। इसी विवाद के बीच पुलिस ने बैंक खातों पर कार्रवाई की है। सूत्रों के मुताबिक, ऋतब्रत बनर्जी गुट से जुड़े एक तृणमूल विधायक ने संदिग्ध वित्तीय लेन-देन को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने पहले तीन बैंक अकाउंट फ्रीज किए थे और अब 12 अन्य खातों पर भी कार्रवाई की गई है।

15 बैंक अकाउंट पुलिस की जांच के दायरे में

राज्य पुलिस के सूत्रों के अनुसार, अब तक कुल 15 बैंक अकाउंट फ्रीज किए जा चुके हैं। इनमें से कुछ खातों के इस्तेमाल को लेकर अदालत से राहत मिली है। पुलिस का दावा है कि इन खातों में कुल मिलाकर 1000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मौजूद है। पुलिस ने संबंधित सरकारी और निजी बैंकों से इन नए फ्रीज किए गए खातों की पूरी जानकारी मांगी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इन खातों में जमा रकम का स्रोत क्या है और क्या इसमें कोई अनियमितता हुई है।

इस मामले में शुरुआत में पुलिस ने तीन बैंक अकाउंट फ्रीज किए थे, जिनमें करीब 440 करोड़ रुपये होने का दावा किया गया था। इसके बाद मामला कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंचा। हाई कोर्ट के जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने आदेश दिया कि तृणमूल कांग्रेस फिलहाल इन खातों का इस्तेमाल कर सकती है। हालांकि, अदालत ने निगरानी के लिए एक विशेष अधिकारी नियुक्त किया है। रिटायर्ड जस्टिस सुब्रत तालुकदार को इस जिम्मेदारी के लिए नियुक्त किया गया है। वह 30 सितंबर तक इस प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। अदालत के निर्देश के अनुसार, खातों का इस्तेमाल केवल अधिकृत हस्ताक्षरकर्ताओं द्वारा किया जा सकेगा और रोजाना होने वाले खर्चों की जानकारी विशेष अधिकारी को देनी होगी।

ED भी कर रही मामले की जांच

इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की नजर भी बनी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिलने के बाद ED ने जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि कुछ खातों में अवैध धन के लेन-देन से जुड़े संकेत मिल सकते हैं। हालांकि, इस मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के भीतर संगठन और पार्टी की पहचान को लेकर विवाद चल रहा है। ममता बनर्जी समर्थक गुट और ऋतब्रत बनर्जी गुट के बीच चल रही खींचतान ने अब वित्तीय जांच का रूप भी ले लिया है।

बैंक खातों को फ्रीज किए जाने की कार्रवाई से पार्टी पर दबाव बढ़ गया है। वहीं, टीएमसी की ओर से इस मामले पर आगे क्या रुख अपनाया जाएगा, इस पर सभी की नजरें हैं। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां बैंक खातों, लेन-देन और धन के स्रोत की जांच कर रही हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *