Knews Desk- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने उत्तराखंड दौरे के दौरान बीजेपी सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा विवाद, पेपर लीक, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार को घेरा। वेणुगोपाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता मौजूदा सरकार से नाराज है और आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव चाहती है।
केसी वेणुगोपाल ने बुधवार और गुरुवार को उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने पार्टी की चुनावी तैयारियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं और पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी प्राथमिकता संगठन की एकता और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाना है। वेणुगोपाल ने दावा किया कि उत्तराखंड के लोग बीजेपी सरकार से निराश हैं और प्रदेश में बदलाव की इच्छा रखते हैं।
बेरोजगारी और पलायन को लेकर सरकार पर हमला
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उत्तराखंड में बेरोजगारी और पलायन बड़ी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि पिछले 10 वर्षों में बीजेपी सरकार ने युवाओं के लिए क्या कदम उठाए और रोजगार के अवसर कितने बढ़ाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार भी एक गंभीर मुद्दा है। वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस आने वाले विधानसभा चुनाव में बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और जनता के साथ खड़ी रहेगी।
पेपर लीक मामले पर सरकार को घेरा
केसी वेणुगोपाल ने NEET पेपर लीक और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक से युवाओं के भविष्य पर असर पड़ रहा है और यह एक गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून पहुंचेंगे और छात्रों व युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाएंगे। वेणुगोपाल ने कहा कि उत्तराखंड में पेपर लीक के मामले सामने आना चिंता की बात है और कांग्रेस इस मुद्दे को आगामी चुनाव में प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जल्द ही घोषणा पत्र समिति बनाएगी, जो प्रदेशभर में जाकर किसानों, महिलाओं, युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को समझेगी। इसके आधार पर पार्टी एक व्यापक चुनावी घोषणा पत्र तैयार करेगी।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर उठाए सवाल
राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर भी केसी वेणुगोपाल ने बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर के लिए लोगों ने आस्था के साथ दान दिया था और अब सामने आए आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने सवाल उठाया कि इस मामले में जिम्मेदारी तय क्यों नहीं की जा रही है। वेणुगोपाल ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार की देखरेख में हुआ था, इसलिए सरकार को इस मामले पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जाए। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है।
2027 चुनाव की तैयारी में कांग्रेस
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में उतरेगी और प्रदेश में सरकार बनाने का लक्ष्य रखेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को मजबूत किया जा रहा है और चुनाव से पहले जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझा जाएगा।