HPCL Recruitment 2026: 30 हजार से 2.8 लाख तक मिलेगी सैलरी, जानें कौन कर सकता है आवेदन

Knews Desk– सरकारी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने युवाओं के लिए नौकरी का शानदार अवसर दिया है। कंपनी ने विभिन्न ऑफिसर पदों पर कुल 116 रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें फ्रेशर्स और अनुभवी दोनों तरह के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। जूनियर एग्जीक्यूटिव के कुछ पदों पर बिना किसी कार्य अनुभव के भी नौकरी पाने का मौका मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई 2026 तक HPCL की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

एचपीसीएल की ओर से जारी भर्ती अधिसूचना के अनुसार, जूनियर एग्जीक्यूटिव (केमिकल) के 37 और जूनियर एग्जीक्यूटिव (फायर एंड सेफ्टी) के 17 पदों पर फ्रेशर उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं। जूनियर एग्जीक्यूटिव (केमिकल) पद के लिए उम्मीदवार के पास केमिकल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए। वहीं जूनियर एग्जीक्यूटिव (फायर एंड सेफ्टी) पद के लिए साइंस में ग्रेजुएशन, फायर एंड सेफ्टी में डिप्लोमा और हैवी व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य है। इन दोनों पदों के लिए किसी प्रकार के कार्य अनुभव की आवश्यकता नहीं रखी गई है।इसके अलावा भर्ती अभियान के तहत सीनियर ऑफिसर, असिस्टेंट मैनेजर, प्रोजेक्ट मैनेजर, चीफ मैनेजर, डिप्टी जनरल मैनेजर और जनरल मैनेजर जैसे कई वरिष्ठ पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी। इन पदों के लिए संबंधित विषय में शैक्षणिक योग्यता के साथ 2 से 24 वर्ष तक का कार्य अनुभव मांगा गया है। अलग-अलग पदों के लिए योग्यता और अनुभव की शर्तें भी अलग-अलग निर्धारित की गई हैं।

आयु सीमा की बात करें तो फ्रेशर पदों के लिए अधिकतम आयु 25 वर्ष तय की गई है, जबकि अनुभवी पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा पद के अनुसार 29 वर्ष से 54 वर्ष तक निर्धारित है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट भी मिलेगी।चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन का लाभ मिलेगा। जूनियर स्तर के पदों पर 30,000 रुपये प्रतिमाह से वेतन शुरू होगा, जबकि वरिष्ठ पदों पर चयनित उम्मीदवारों को 2.80 लाख रुपये प्रतिमाह तक सैलरी मिल सकती है। इसके अलावा एचपीसीएल के नियमानुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।उम्मीदवारों का चयन पद के अनुसार लिखित परीक्षा, ग्रुप डिस्कशन, साइकोमेट्रिक असेसमेंट, स्किल टेस्ट, इंटरव्यू और आवश्यकता पड़ने पर फिजिकल फिटनेस टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। अंतिम चयन सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर होगा।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को HPCL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर Career सेक्शन में उपलब्ध भर्ती लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा और फिर आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य आवश्यक जानकारी भरनी होगी। निर्धारित दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट किया जा सकता है। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,000 रुपये रखा गया है, जबकि एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है। इच्छुक उम्मीदवार 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *