अमायरा केस में नया मोड़: CCTV जारी कर मां बोलीं- ‘मेरी बेटी ने नहीं, उसे मौत की ओर धकेला गया’

चार्जशीट के बाद परिवार ने आखिरी दिन का वीडियो किया सार्वजनिक, बुलिंग और स्कूल की लापरवाही के लगाए गंभीर आरोप

Knews Desk- जयपुर के चर्चित अमायरा केस में चार्जशीट दाखिल होने के बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। 9 साल की अमायरा के माता-पिता ने उसकी मौत वाले दिन का CCTV फुटेज जारी करते हुए दावा किया है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि लगातार बुलिंग और स्कूल की लापरवाही ने उसे इस स्थिति तक पहुंचा दिया। परिवार का आरोप है कि बच्ची ने कई बार क्लास टीचर से शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया।

अमायरा की मां ने कहा कि उनकी बेटी बेहद डरी हुई थी और स्कूल में खुद को असुरक्षित महसूस कर रही थी। उनका दावा है कि कुछ छात्र उसे लगातार परेशान करते थे और डिजिटल स्लेट पर आपत्तिजनक बातें दिखाकर चिढ़ाते थे। परिवार का यह भी कहना है कि अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि स्लेट पर आखिर क्या लिखा या दिखाया गया था, जबकि यही घटना बच्ची की मानसिक स्थिति बिगड़ने की वजह बन सकती है।

परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद मौके पर मौजूद खून के निशानों को जल्दबाजी में साफ करवा दिया गया। उनका कहना है कि ऐसा स्कूल प्रबंधन के निर्देश पर किया गया, जिससे कई अहम सबूत प्रभावित हो सकते हैं।

मदन दिलावर से न्याय की अपील

अमायरा की मां ने राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि मामले में जिम्मेदार सभी लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि दोषियों को जमानत न मिले और उनके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत सख्त धाराओं में केस दर्ज किया जाए। परिवार का आरोप है कि कई जिम्मेदार लोगों पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

CCTV में क्या दिखा?

परिवार की ओर से जारी CCTV फुटेज के मुताबिक, सुबह स्कूल पहुंचने के बाद अमायरा सामान्य दिखाई देती है। वह अपनी सहेलियों से बात करती है, डांस क्लास में हिस्सा लेती है और उसका व्यवहार सामान्य रहता है। लेकिन करीब 11:15 बजे के बाद कुछ बच्चे डिजिटल स्लेट पर कुछ लिखकर उसे दिखाते नजर आते हैं। इसके बाद उसके व्यवहार में बदलाव दिखाई देता है।

वीडियो के अनुसार, अमायरा कई बार अपने बाल पकड़ती है, सिर पर हाथ रखती है और परेशान नजर आती है। परिवार का दावा है कि 11:25 बजे से 12:26 बजे के बीच वह चार बार अपनी क्लास टीचर के पास गई और इशारों में अपनी बात समझाने की कोशिश की, लेकिन उसे कोई मदद नहीं मिली।

12:27 बजे क्लास से निकली, दो मिनट बाद हादसा

CCTV के मुताबिक, 12:27 बजे अमायरा क्लास से बाहर निकलती है और सीढ़ियों से चौथी मंजिल की ओर चली जाती है। परिवार का सवाल है कि रास्ते में किसी शिक्षक या कर्मचारी ने उसे क्यों नहीं रोका। फुटेज के अनुसार, 12:29 बजे चौथी मंजिल से गिरने के बाद उसकी मौत हो गई।

परिवार ने क्यों जारी किया वीडियो?

अमायरा के माता-पिता का कहना है कि उन्होंने यह वीडियो इसलिए सार्वजनिक किया ताकि लोगों को पता चल सके कि उनकी बेटी के साथ स्कूल में आखिरी कुछ घंटों के दौरान क्या हुआ था। उनका कहना है कि यह सिर्फ उनकी बेटी का मामला नहीं, बल्कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, बुलिंग और जिम्मेदारी से जुड़ा गंभीर सवाल है। परिवार का कहना है कि वीडियो में दिख रहे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *