DTC Bus Rule Change: 1 अगस्त से बंद होगी पिंक टिकट, महिलाओं को मुफ्त सफर के लिए चाहिए होगा स्मार्ट कार्ड

Knews Desk- दिल्ली की DTC बसों में सफर करने वाली महिलाओं के लिए एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। 1 अगस्त से बसों में मिलने वाली पेपर आधारित पिंक टिकट व्यवस्था को बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा का लाभ लेने के लिए पिंक सहेली NCMC स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा।

दिल्ली सरकार के अनुसार, अब तक करीब 15 लाख पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसके बावजूद जिन महिलाओं ने अभी तक यह कार्ड नहीं बनवाया है, उनके लिए अलग-अलग केंद्रों पर कार्ड बनाने की सुविधा जारी रहेगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि 1 अगस्त से DTC और दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल ट्रांजिट सिस्टम (DIMTS) की क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा के लिए महिलाओं को बस में चढ़ते समय अपना वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड टैप करना होगा।

31 जुलाई तक मिलती रहेगी पिंक टिकट

DTC की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक, पात्र महिला यात्रियों को 31 जुलाई तक पहले की तरह पेपर पिंक टिकट उपलब्ध कराई जाएगी। लेकिन 1 अगस्त के बाद यह सुविधा केवल उन महिलाओं को मिलेगी, जिनके पास पिंक सहेली NCMC कार्ड होगा।

जिन महिलाओं के पास स्मार्ट कार्ड नहीं होगा, उन्हें 1 अगस्त के बाद मुफ्त यात्रा का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसी यात्रियों को सामान्य यात्रियों की तरह नियमित टिकट खरीदकर किराया देना होगा।

डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा देने की तैयारी

दिल्ली सरकार का यह कदम पेपर टिकट व्यवस्था को खत्म कर डिजिटल और स्मार्ट ट्रांसपोर्ट सिस्टम को बढ़ावा देने की दिशा में उठाया गया है। NCMC कार्ड के जरिए यात्रियों की यात्रा को अधिक आसान और रिकॉर्ड आधारित बनाने की योजना है। स्मार्ट कार्ड टैप करने से यात्रा की जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज होगी और योजना के संचालन में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।

पिंक सहेली कार्ड कैसे बनवाएं?

पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए महिलाएं दिल्ली के अधिकृत DTC केंद्रों, DC कार्यालयों और SDM कार्यालयों में आवेदन कर सकती हैं। फिलहाल कार्ड बनवाने की प्रक्रिया ऑफलाइन माध्यम से उपलब्ध है।

सरकार की ओर से महिलाओं को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना स्मार्ट कार्ड बनवा लें, ताकि 1 अगस्त के बाद मुफ्त बस यात्रा की सुविधा जारी रह सके। गौरतलब है कि महिलाओं के लिए DTC बसों में मुफ्त यात्रा योजना की शुरुआत पहले की सरकार के दौरान की गई थी। अब इस योजना को स्मार्ट कार्ड आधारित प्रणाली में बदला जा रहा है, जिससे यात्रा व्यवस्था को अधिक आधुनिक और डिजिटल बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *