KNEWS DESK – नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ में इन दिनों जबरदस्त ड्रामा और एंटरटेनमेंट देखने को मिल रहा है। शो में कंटेस्टेंट्स के खुलासों से लेकर रिश्तों पर होने वाली बहस तक, हर एपिसोड सुर्खियां बटोर रहा है। अब शो में एक बड़ी और खास एंट्री ने सभी का ध्यान खींच लिया है। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोविंदा अपनी पत्नी सुनीता आहूजा को सपोर्ट करने पहुंचे हैं।
सुनीता आहूजा शो में आने के बाद से ही अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने जहां अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर बात की है, वहीं अब गोविंदा की एंट्री के बाद शो का माहौल और भी दिलचस्प हो गया है।
गोविंदा ने सुनीता के बयान का दिया मजेदार जवाब
‘लॉकअप 2’ के नए प्रोमो में फराह खान गोविंदा का स्वागत करती नजर आ रही हैं। इस दौरान फराह मजाकिया अंदाज में गोविंदा से कहती हैं कि, “तूने ऐसी सुपारी क्यों दी थी इसको मारो कोई?”
इस पर गोविंदा जवाब देते हैं, “मैं लेकर आया हूं जेब में।” जब फराह पूछती हैं कि क्या गोली है, तो गोविंदा हंसते हुए कहते हैं, “ये सीने पर मारना चाह रही थी, मार ले पूरा।”
गोविंदा की इस बात पर सुनीता आहूजा भी हंस पड़ती हैं। हालांकि, प्रोमो में यह साफ नहीं दिखाया गया है कि गोविंदा शो के अंदर जाकर पत्नी से मिले या फिर सिर्फ स्टेज तक ही उनकी एंट्री रही।
सुनीता आहूजा ने पहले ही दिन किया था मजेदार खुलासा
बता दें कि शो में आने के बाद सुनीता आहूजा अपने बेबाक बयानों को लेकर लगातार चर्चा में हैं। उन्होंने मजाक में कहा था, “मैं गोली मारती तो सीने पर मारती, पैर पर नहीं।” अब गोविंदा ने भी उसी अंदाज में जवाब देकर दर्शकों का ध्यान खींच लिया है।
लॉकअप में सुनीता का सफर नहीं रहा आसान
शो में सुनीता आहूजा को कई मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा है। खाना न मिलने की वजह से वह काफी भावुक हो गई थीं और उन्होंने घर वापस जाने की इच्छा भी जाहिर की थी।
सुनीता ने अपने करीबी कंटेस्टेंट्स से बातचीत के दौरान बताया था कि गोविंदा ने उन्हें शो में आने से मना किया था, लेकिन उन्होंने इस मौके को स्वीकार किया क्योंकि वह अपनी अलग पहचान बनाना चाहती थीं।
गोविंदा और सुनीता की निजी जिंदगी रही चर्चा में
गौरतलब है कि गोविंदा और सुनीता आहूजा की निजी जिंदगी लंबे समय से सुर्खियों में रही है। सुनीता कई मौकों पर अपने रिश्ते और गोविंदा की जिंदगी से जुड़े मुद्दों पर खुलकर बात कर चुकी हैं। अब वह ‘लॉकअप 2’ के जरिए अपनी पहचान और मजबूत करने की कोशिश कर रही हैं।
वहीं, गोविंदा का अपनी पत्नी को सपोर्ट करने पहुंचना शो के लिए बड़ा मोमेंट माना जा रहा है। अब दर्शकों को इंतजार है कि क्या दोनों की मुलाकात शो के अंदर कोई नया खुलासा लेकर आएगी या नहीं।