KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता सोहेल खान और उनकी एक्स-वाइफ सीमा सजदेह एक बार फिर चर्चा में हैं। करीब 25 साल तक साथ रहने के बाद साल 2022 में दोनों का तलाक हो गया था। अब तलाक के कुछ साल बाद यह पूर्व कपल एक बार फिर स्क्रीन पर साथ नजर आने वाला है।
प्राइम वीडियो के अपकमिंग रियलिटी शो ‘अलायंस’ में सोहेल खान और सीमा सजदेह की जोड़ी देखने को मिलेगी। शो के लेटेस्ट एपिसोड में जब सीमा की एंट्री हुई तो सोहेल का रिएक्शन सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
सीमा को देखकर इमोशनल हुए सोहेल खान
शो के होस्ट कुणाल खेमू ने जब सीमा सजदेह का परिचय कराया और सोहेल से पूछा कि उन्हें अपनी एक्स-वाइफ को सामने देखकर कैसा लग रहा है, तो एक्टर ने अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर कीं।
सोहेल खान ने कहा कि उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने सीमा के साथ अपनी जिंदगी के 25 साल बिताए हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपनी शादी और रिश्ते में हुई गलतियों की जिम्मेदारी भी खुद ली।
सोहेल ने कहा कि अगर उनके लंबे रिश्ते में कोई गलतियां हुईं, तो वह उन सभी की जिम्मेदारी स्वीकार करते हैं। एक्टर की इस बात ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया और कंटेस्टेंट्स ने तालियां बजाकर उनकी सराहना की।
वहीं, सीमा भी सोहेल की बात सुनकर कुछ पल के लिए भावुक और शांत नजर आईं।
शो में साथ आने का फैसला पहले से था तय
हालांकि, दर्शकों के लिए सीमा की एंट्री किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं थी, लेकिन सीमा ने बताया कि दोनों को पहले से पता था कि वे शो में साथ नजर आने वाले हैं।
एक इंटरव्यू में सीमा सजदेह ने बताया कि सोहेल शो में उनसे पहले आ चुके थे और वह उनके साथ टीम बनाकर खेलने को लेकर काफी उत्साहित थीं।
बेटे योहान की वजह से लिया शो का फैसला
सीमा सजदेह ने यह भी खुलासा किया कि इस शो का हिस्सा बनने के लिए उन्हें उनके छोटे बेटे योहान ने प्रेरित किया था।
उन्होंने बताया कि योहान इस शो को लेकर काफी एक्साइटेड था और उसी ने दोनों को साथ आने के लिए कहा। सीमा के मुताबिक, उनके बड़े बेटे निर्वाण को भी यह फैसला अच्छा लगा, लेकिन योहान की खुशी सबसे बड़ी वजह बनी।
बता दें कि तलाक के बाद भी सोहेल खान और सीमा सजदेह अपने दोनों बच्चों की परवरिश मिलकर कर रहे हैं। दोनों ने अपने रिश्ते को खत्म करने के बाद भी बच्चों के लिए एक अच्छी बॉन्डिंग बनाए रखी है।