KNEWS DESK – बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान ने दिल्ली में एक बड़ी प्रॉपर्टी डील की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख ने साउथ दिल्ली के पॉश इलाके पंचशील पार्क स्थित अपने पुराने फैमिली होम की बाकी मंजिलें भी खरीद ली हैं। इस डील के बाद अब शाहरुख खान इस पूरी बिल्डिंग के मालिक बन गए हैं।
बताया जा रहा है कि इस प्रॉपर्टी की दूसरी और तीसरी मंजिल खरीदने के लिए शाहरुख खान ने करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इससे पहले वह इस बिल्डिंग के बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर के मालिक थे।
पुराने घर से जुड़ी हैं शाहरुख की यादें
शाहरुख खान का पंचशील पार्क वाला घर उनके लिए बेहद खास है। बॉलीवुड में करियर बनाने के लिए मुंबई जाने से पहले शाहरुख अपने परिवार के साथ इसी घर में रहते थे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह प्रॉपर्टी करीब 1200 वर्ग गज यानी लगभग 10,800 स्क्वायर फीट में फैली हुई है। साउथ दिल्ली के प्रीमियम इलाके में स्थित इस प्रॉपर्टी की कीमत करीब 34,260 रुपये प्रति स्क्वायर फीट आंकी गई है।
शाहरुख के लिए यह सिर्फ एक प्रॉपर्टी नहीं बल्कि उनके पुराने दिनों और परिवार से जुड़ी यादों का हिस्सा है।
देश-विदेश में फैला है शाहरुख का प्रॉपर्टी साम्राज्य
शाहरुख खान रियल एस्टेट में निवेश के लिए भी जाने जाते हैं। मुंबई में उनका मशहूर बंगला मन्नत बॉलीवुड के सबसे चर्चित घरों में शामिल है। इन दिनों मन्नत में रिनोवेशन का काम भी चल रहा है और इसमें कुछ नए बदलाव किए जा रहे हैं।
इसके अलावा शाहरुख के पास मुंबई के पास अलीबाग में एक शानदार फार्महाउस भी है। वहीं, दुबई और लंदन समेत विदेशों में भी उनकी प्रॉपर्टीज मौजूद हैं।
फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा में शाहरुख
वर्क फ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘किंग’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं।
फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। इसके अलावा अभिषेक बच्चन फिल्म में नेगेटिव किरदार निभाते दिखाई देंगे। वहीं, दीपिका पादुकोण के भी फिल्म का हिस्सा होने की खबरें सामने आई हैं।
हाल ही में फिल्म के बजट को लेकर रिपोर्ट्स सामने आई थीं, जिसमें दावा किया गया था कि ‘किंग’ का बजट करीब 450 करोड़ रुपये है। हालांकि, निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने इस खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर सिर्फ “झूठ” लिखा था। फिलहाल फैंस को शाहरुख खान की इस नई फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।