‘आवारापन 2’ से बॉलीवुड डेब्यू करेंगे परेश रावल के बेटे अनिरुद्ध, इमरान हाशमी की फिल्म में निभाएंगे सिकंदर का किरदार

KNEWS DESK – बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता Paresh Rawal के बेटे अनिरुद्ध रावल अब बड़े पर्दे पर अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। इमरान हाशमी स्टारर फिल्म ‘आवारापन 2’ से अनिरुद्ध बतौर एक्टर डेब्यू करेंगे। फिल्म में वह सिकंदर नाम के अहम किरदार में नजर आएंगे।

अनिरुद्ध इससे पहले अभिनय की दुनिया में कदम रख चुके हैं। वह Scoop जैसी चर्चित वेब सीरीज में दिखाई दे चुके हैं, जहां उनके काम को काफी सराहना मिली थी। अब करीब तीन साल बाद वह बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं।

एक्टिंग से पहले सीखी फिल्ममेकिंग की बारीकियां

अनिरुद्ध रावल ने सिर्फ एक्टिंग ही नहीं, बल्कि फिल्म निर्माण की कला को भी करीब से समझा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने Sultan और Tiger Zinda Hai जैसी फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया था।

इस दौरान उन्होंने कैमरे के पीछे की बारीकियों को जाना और फिल्म बनाने की प्रक्रिया को समझा। इसके अलावा अनिरुद्ध ने दिग्गज अभिनेता Naseeruddin Shah से एक्टिंग की ट्रेनिंग भी ली है।

भट्ट और रावल परिवार का पुराना रिश्ता

‘आवारापन 2’ से अनिरुद्ध का जुड़ना एक तरह से पुराने रिश्ते को आगे बढ़ाने जैसा है। दरअसल, फिल्म के प्रोड्यूसर Mukesh Bhatt और परेश रावल का रिश्ता कई दशक पुराना है।

मुकेश भट्ट की बतौर प्रोड्यूसर पहली फिल्मों में से एक ‘कब्जा’ (1988) थी, जिसमें परेश रावल ने अभिनय किया था। अब करीब चार दशक बाद उसी फिल्मी परिवार के साथ परेश रावल के बेटे अनिरुद्ध अपनी नई शुरुआत करने जा रहे हैं।

14 अगस्त को रिलीज होगी ‘आवारापन 2’

इमरान हाशमी, दिशा पाटनी, शबाना आजमी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली और अतुल कुमार जैसे कलाकारों से सजी ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म का निर्देशन Nitin Kakkar ने किया है, जबकि इसकी कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है। फिल्म को विशेष फिल्म्स के बैनर तले बनाया जा रहा है।

19 साल बाद लौट रही है ‘आवारापन’ की कहानी

बता दें कि ‘आवारापन 2’ साल 2007 में रिलीज हुई इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन’ का सीक्वल है। हालांकि पहली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाई थी, लेकिन समय के साथ इसे एक कल्ट फिल्म का दर्जा मिल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *