कुशाल टंडन पर भड़कीं उर्फी जावेद, बोलीं- ‘किसी को शो से बाहर निकालने वाले आप कौन होते हैं?’

KNEWS DESK – अमेजन प्राइम वीडियो के रियलिटी शो ‘अलायंस’ में कंटेस्टेंट्स के बीच बढ़ती तकरार अब शो से निकलकर सोशल मीडिया तक पहुंच गई है। हाल ही में अभिनेता कुशाल टंडन और डॉली जावेद के बीच हुई बहस के बाद अब उर्फी जावेद अपनी बहन के समर्थन में खुलकर सामने आई हैं। उर्फी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर कुशाल के रवैये पर सवाल उठाए और उन पर तीखा निशाना साधा।

विवाद की शुरुआत तब हुई जब शो के एक एपिसोड में कुशाल टंडन ने डॉली जावेद, रूही दोसानी और पायल को “बिल्डिंग के बच्चे” कहकर संबोधित किया। कुशाल की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस शुरू हो गई।

उर्फी ने इंस्टाग्राम पर दिया जवाब

उर्फी जावेद ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर वीडियो शेयर करते हुए कुशाल के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर डॉली उन्हें “बिल्डिंग के बच्चे” लगती हैं, तो डॉली को भी उन्हें “कुशाल अंकल” या “दादाजी” कहकर बुलाना चाहिए।

उर्फी ने कहा कि हर बिल्डिंग में ऐसे अंकल होते हैं जो बिना वजह दूसरों के मामलों में दखल देते हैं और फिर सम्मान की उम्मीद रखते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद “अंकल” कहलाने के बाद ही कुशाल को संतुष्टि मिले।

कुशाल के व्यवहार पर भी उठाए सवाल

उर्फी ने सिर्फ बयान पर ही नहीं, बल्कि कुशाल के पूरे रवैये पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कुशाल शो में ऐसा व्यवहार करते हैं जैसे सारे फैसले वही लेते हों। उन्होंने कहा कि किसी कंटेस्टेंट को शो से बाहर निकालने की धमकी देना या खुद को सबसे ऊपर समझना सही नहीं है।

उर्फी ने यह भी कहा कि कुशाल केवल उन लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं जिन्हें वह खुद से कमजोर मानते हैं, जबकि सीनियर कलाकारों के सामने उनका व्यवहार पूरी तरह बदल जाता है।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

उर्फी के वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस विवाद को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स उर्फी के बयान का समर्थन कर रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि यह मामला शो का हिस्सा है और इसे जरूरत से ज्यादा तूल दिया जा रहा है।

फिलहाल कुशाल टंडन ने उर्फी जावेद के इन आरोपों पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। ऐसे में अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या शो के आने वाले एपिसोड या सोशल मीडिया पर इस विवाद का नया मोड़ देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *