KNEWS DESK – दिल्ली सरकार ने वित्त एवं लेखा विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 52 अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है। लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत इन अधिकारियों के स्थानांतरण को प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
52 अधिकारियों का तबादला
सरकारी आदेश के अनुसार, जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है उनमें 23 डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स और 29 सीनियर अकाउंट्स ऑफिसर शामिल हैं। ये सभी अधिकारी 5 साल या उससे अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत थे।
19 अधिकारियों को प्रमोशन
इसी के साथ सरकार ने 19 सीनियर अकाउंट्स अधिकारियों को पदोन्नति देकर डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स बनाया है। इससे विभाग में कार्यकुशलता और जिम्मेदारी का दायरा और बढ़ाया गया है।
पारदर्शिता और सुशासन पर जोर
यह निर्णय मुख्यमंत्री Rekha Gupta के निर्देशों के तहत लिया गया है। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था बनाना है जो उच्च मानकों पर खरी उतरे। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तत्काल जॉइनिंग के निर्देश
सरकार ने सभी स्थानांतरित और पदोन्नत अधिकारियों को तत्काल अपने नए दफ्तरों में कार्यभार संभालने के निर्देश जारी किए हैं। माना जा रहा है कि इस कदम से वित्तीय प्रबंधन और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और जनता को अधिक पारदर्शी सेवाएं मिल सकेंगी।