14 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगी सेलिना जेटली, सिस्टर निवेदिता की बायोपिक से करेंगी कमबैक

KNEWS DESK – बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री Celina Jaitly लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। एक्ट्रेस आखिरी बार 2012 में फिल्म ‘विल यू मैरी मी’ में कैमियो रोल में नजर आई थीं, जिसके बाद वह फिल्मी दुनिया से दूर हो गई थीं। अब करीब 14 साल बाद वह एक बेहद खास और ऐतिहासिक प्रोजेक्ट के जरिए वापसी कर रही हैं।

बायोपिक में निभाएंगी सिस्टर निवेदिता का किरदार

रिपोर्ट्स के अनुसार, सेलिना जेटली जल्द ही निर्देशक राम कमल मुखर्जी की बायोपिक में सिस्टर निवेदिता का अहम किरदार निभाती नजर आएंगी। यह फिल्म महान आध्यात्मिक व्यक्तित्व और समाजसेवी सिस्टर निवेदिता के जीवन पर आधारित होगी, जिन्हें स्वामी विवेकानंद की प्रमुख शिष्या के रूप में जाना जाता है।

‘यह मेरे करियर का सबसे निजी सफर है’

इस प्रोजेक्ट को लेकर सेलिना जेटली ने कहा कि यह उनके करियर का अब तक का सबसे व्यक्तिगत और भावनात्मक अनुभव है। उन्होंने बताया कि इस किरदार के लिए खुद को मानसिक और भावनात्मक रूप से तैयार करना उनके लिए एक अलग ही यात्रा रही है।

एक्ट्रेस के मुताबिक, डायरेक्टर राम कमल मुखर्जी के साथ काम करना उनके लिए बेहद खास अनुभव है, क्योंकि इस प्रोजेक्ट में केवल अभिनय नहीं बल्कि उस दौर की आत्मा को जीने की कोशिश करनी होती है।

सिस्टर निवेदिता से जुड़ा रहा है गहरा जुड़ाव

सेलिना ने यह भी बताया कि सिस्टर निवेदिता के बारे में उन्होंने काफी पहले से पढ़ा और जाना है। उन्होंने कहा कि उन्हें कभी अंदाजा नहीं था कि भविष्य में उन्हें ही इस ऐतिहासिक किरदार को निभाने का मौका मिलेगा।

कौन थीं सिस्टर निवेदिता

सिस्टर निवेदिता का जन्म 1867 में आयरलैंड में मार्गरेट नोबल के रूप में हुआ था। बाद में 1898 में स्वामी विवेकानंद ने उन्हें ‘निवेदिता’ नाम दिया। वे महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कार्यों के लिए जानी जाती हैं और भारतीय इतिहास में उनका विशेष स्थान है।

अपने कमबैक और इस किरदार को लेकर सेलिना ने कहा कि यूरोप में वर्षों बिताने के बाद भारत लौटना और अपनी जड़ों से फिर से जुड़ना उनके लिए बेहद भावनात्मक अनुभव रहा है। उन्होंने इसे एक “बुलावे जैसा” अनुभव बताया और कहा कि यह सिर्फ एक रोल नहीं बल्कि आत्मिक यात्रा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *