BAT-BMS: सरकार का बड़ा एक्शन: सड़कों पर ई-रिक्शा संचालन रोकने वाले चीनी मोबाइल ऐप्स हटाए


Knews Desk-
केंद्र सरकार का बड़ा कदम: BAT-BMS और Epoch Li-ion जैसे दो चीनी मोबाइल ऐप्स को Google Play Store और Apple App Store से हटाने का आदेश जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि इन ऐप्स के जरिए सड़कों पर चल रहे ई-रिक्शों को रिमोटली नियंत्रित कर रोकने की क्षमता थी, जिससे सड़क सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो रहा था। सरकार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इन ऐप्स पर कार्रवाई करते हुए उन्हें प्लेटफॉर्म्स से हटाने के निर्देश दिए हैं।

सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद दोनों ऐप्स को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक ये ऐप्स कुछ प्लेटफॉर्म्स पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध बताए जा रहे थे।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ वीडियो के बाद चर्चा में आया। इन वीडियो में दावा किया गया कि BAT-BMS ऐप के जरिए ई-रिक्शों को रिमोट से कंट्रोल कर बंद किया जा सकता है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि कोई भी व्यक्ति इस ऐप की मदद से किसी भी ई-रिक्शे को दूर से रोक सकता है। इन दावों के सामने आने के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे।

साइबर सुरक्षा को लेकर बड़ा खुलासा

साइबर एक्सपर्ट्स के अनुसार, इन ई-रिक्शों में इस्तेमाल होने वाली BMS (Battery Management System) यूनिट दरअसल बैटरी को मैनेज करने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम होता है, जो काफी सस्ता होने के कारण कई बार जरूरी सुरक्षा फीचर्स से वंचित रह जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इनमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी अक्सर ओपन या बिना मजबूत सिक्योरिटी प्रोटोकॉल के रहती है, जिससे कोई भी अनधिकृत व्यक्ति आसानी से इससे कनेक्ट कर सकता है।

इसी वजह से अगर किसी बाहरी व्यक्ति को इसका एक्सेस मिल जाए तो वह बैटरी सिस्टम को रिमोटली कंट्रोल कर सकता है और अचानक पावर ऑफ कर सकता है। ऐसी स्थिति में चलते हुए ई-रिक्शे का इंजन अचानक बंद हो सकता है, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क हादसे का शिकार हो सकता है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह तकनीकी खामी यात्रियों और सड़क पर मौजूद अन्य लोगों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है और इसलिए इस तरह के सिस्टम में मजबूत साइबर सिक्योरिटी जरूरी है।

एक्सपर्ट ने भी जताई थी चिंता

इस मामले पर साइबर एक्सपर्ट साक्षर दुग्गल ने भी अपनी चिंता जताई थी। उन्होंने इसे साइबर सिक्योरिटी का मुद्दा बताया। कहा कि भारत का ईवी सेक्टर दो से ढाई साल से बहुत अधिक निवेश कर रहा है। पूरी दुनिया की नजर भारत पर है। लेकिन हमें यह भी समझना पड़ेगा कि ईवी सेक्टर अभी नया है। धीरे-धीरे जैसे चीजें आगे बढ़ेंगी, चुनौतियां भी बढ़ेंगी।

https://www.instagram.com/reel/DaTi4gkEqUC/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=NTc4MTIwNjQ2YQ==

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *