Knews Desk- खेत में काम कर रहे एक किसान को अचानक जहरीले कोबरा ने डस लिया। यह देख पास में मौजूद उसकी पत्नी घबरा गई और पति की जान बचाने की कोशिश में उसने मुंह से जहर चूस लिया। इससे किसान की हालत संभल गई, लेकिन कुछ ही देर बाद पत्नी की तबीयत बिगड़ने लगी।
बीजिंग। चीन के दक्षिण-पश्चिमी युन्नान प्रांत में एक किसान खेत में काम कर रहा था, तभी उसे जहरीले कोबरा ने डस लिया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। पति की जान बचाने की कोशिश में उसकी पत्नी ने फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में अक्सर दिखाया जाने वाला तरीका अपनाते हुए मुंह से जहर चूसने का प्रयास किया। लेकिन यह कदम उसी पर भारी पड़ गया और कुछ ही घंटों बाद उसकी तबीयत भी बिगड़ने लगी। जिसपर, परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि सांप के काटने पर मुंह से जहर चूसने की कोशिश बेहद खतरनाक हो सकती है और इससे बचना चाहिए।
जहर का असर दोनों पर देखने को मिला
इस घटना की चर्चा सोशल मीडिया पर तेजी से हो रही है, जहां लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं और टिप्पणियां दे रहे हैं।घटना के बाद किसान की उंगली में तेजी से सूजन आ गई और उसे चक्कर आने के साथ शरीर में कमजोरी महसूस होने लगी। परिजन बिना देर किए उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। शुरुआत में उसकी पत्नी पूरी तरह सामान्य नजर आ रही थी, लेकिन कुछ घंटों बाद उसके मुंह, जीभ, चेहरे और हाथ-पैरों में सुन्नपन महसूस होने लगा। अगले दिन उसकी तबीयत और बिगड़ गई, जिसके बाद उसे भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
डॉक्टरों की जांच में सामने आया कि कोबरा के जहर का असर पति के साथ-साथ पत्नी के शरीर पर भी हुआ था। इसके बाद दोनों का तुरंत एंटी-वेनम और अन्य आवश्यक दवाओं से इलाज शुरू किया गया। समय पर चिकित्सा मिलने से उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हुआ और कुछ दिनों बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
डॉक्टरों ने लोगों को दी चेतावनी
घटना के बाद डॉक्टरों ने लोगों को अहम चेतावनी जारी की है। उनका कहना है कि सांप के काटने पर मुंह से जहर चूसने की कोशिश करना बेहद खतरनाक और वैज्ञानिक रूप से गलत तरीका है। विशेषज्ञों के मुताबिक मुंह के अंदर मौजूद बेहद महीन रक्त वाहिकाओं के जरिए जहर शरीर में प्रवेश कर सकता है, जिससे मरीज की मदद करने वाला व्यक्ति भी गंभीर रूप से बीमार पड़ सकता है।
डॉक्टरों का कहना है कि सांप का जहर कुछ ही क्षणों में शरीर के ऊतकों और रक्त प्रवाह में फैल जाता है, इसलिए उसे मुंह से निकाल पाना संभव नहीं होता। उन्होंने यह भी आगाह किया कि जख्म को ब्लेड से काटना, उस पर बर्फ या आग लगाना जैसे घरेलू उपाय भी नुकसानदायक साबित हो सकते हैं और मरीज की स्थिति को और गंभीर बना सकते हैं।
विशेषज्ञों की सलाह है कि सांप के काटने के बाद मरीज को शांत रखें, उसे अनावश्यक रूप से हिलने-डुलने न दें और बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं। यदि सुरक्षित तरीके से संभव हो तो सांप की तस्वीर या उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी डॉक्टरों को दें, ताकि सही एंटी-वेनम जल्द उपलब्ध कराया जा सके। इस पूरी घटना की सोशल मीडिया पर भी जमकर चर्चा हो रही है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।