Knews Desk- राम मंदिर चंदा चोरी मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। अयोध्या की एक अदालत ने 8 आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने अदालत में रिमांड की मांग नहीं की, जिसके बाद सभी आरोपियों को जेल भेजने का आदेश दिया गया। अब इनकी अगली पेशी 13 जुलाई को होगी।
सुनवाई के दौरान पुलिस ने जज को बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और कई अहम सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, हाल ही में आरोपियों के घरों पर की गई तलाशी में ज्वेलरी, नकदी और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनकी जांच और सत्यापन किया जा रहा है।
एसआईटी की शुरुआती जांच के आधार पर दर्ज एफआईआर के बाद सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इन पर मंदिर के दान में कथित गबन, चोरी, आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने अदालत को बताया कि आगे जांच के लिए जरूरत पड़ने पर कस्टडी रिमांड भी मांगी जा सकती है। इस बीच, फैजाबाद बार एसोसिएशन ने इस मामले को लेकर बड़ा फैसला लिया है। एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से ऐलान किया है कि वे आरोपियों का केस नहीं लड़ेंगे। साथ ही ट्रस्ट से जुड़े पूर्व अधिकारियों चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को तीन दिन में अयोध्या छोड़ने की चेतावनी भी दी गई है। ऐसा न करने पर वकीलों ने रामनगरी में आंदोलन और नाकाबंदी की बात कही है।
उधर, इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में दायर एक जनहित याचिका पर तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया गया है। कोर्ट ने कहा कि अर्जेंट लिस्टिंग की जरूरत नहीं है और मामले की सुनवाई जुलाई में तय समय पर होगी। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और पूरे मामले में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं।