जो चढ़ावा चोरी कर सकते हैं वे वोट…. अखिलेश यादव का बीजेपी पर बड़ा हमला

Knews Desk– राम मंदिर चढ़ावा कथित चोरी मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि चढ़ावा चोरी के मामले ने बीजेपी का असली चेहरा जनता के सामने उजागर कर दिया है।

अखिलेश यादव ने कहा, “जो लोग चढ़ावा चोरी कर सकते हैं, वे सांसद और वोट भी चोरी कर सकते हैं। बीजेपी के लिए राष्ट्र पहले नहीं, डोनेशन पहले है।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राम जी की कृपा से बीजेपी अब डोनेशन के मामलों में फंसती नजर आ रही है और कई लोग एक्सपोज हो चुके हैं। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि कभी सांसदों की चोरी के आरोप लगते हैं तो कभी चढ़ावे की चोरी की बातें सामने आती हैं। अखिलेश ने दावा किया कि यह स्थिति दर्शाती है कि सरकार की प्राथमिकता जनता और राष्ट्र नहीं, बल्कि धन संग्रह और राजनीतिक लाभ है।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि राम मंदिर मुद्दे को लेकर भी अब सरकार पर सवाल उठ रहे हैं। उनके अनुसार, “राम जी की कृपा है कि चंदे की कथित चोरी सामने आ गई है। पहले यह चंदा बोरे भरकर कहीं और भेजे जाने की बात सामने आई थी।” उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला गंभीर जांच का विषय है और इसमें पारदर्शिता जरूरी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी समाज में भाईचारा खत्म करने का काम कर रही है और हिंदुस्तान की मूल भावना को नुकसान पहुंचा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीढ़ियों से जुड़ी पार्टी है और यह इतनी आसानी से टूटने वाली नहीं है।

शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई है और स्कूलों की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विज्ञापन और प्रचार पर तो भारी खर्च कर रही है, लेकिन शिक्षा के लिए बजट लगातार घटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं है। अखिलेश ने दावा किया कि अगर सरकार की नीयत साफ होती तो पेपर लीक जैसी घटनाएं कभी नहीं होतीं।

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि प्रदेश में हजारों प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए गए हैं, जिससे गरीब और ग्रामीण बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। उनके अनुसार, सरकार की नीतियां युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल रही हैं और बेरोजगारी बढ़ रही है। इस पूरे बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी की ओर से इस पर प्रतिक्रिया आने की संभावना जताई जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में राजनीतिक टकराव और बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *