‘भाई ने जबरदस्ती कार में बैठाया था…’ सिया को लेकर कैब ड्राइवर का बड़ा दावा, आज कोर्ट में सुनवाई

Knews Desk- चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में सोमवार (29 जून) को अहम कानूनी सुनवाई होनी है। मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद दोनों को पुणे की वडगांव मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस बीच मामले में एक नया खुलासा सामने आया है। केतन और सिया को पुणे से मुंबई एयरपोर्ट छोड़ने वाले कैब ड्राइवर वैभव जाधव ने दावा किया है कि बाली रवाना होने से पहले सिया यात्रा पर जाने के लिए तैयार नहीं थी और उसे कार में जबरदस्ती बैठाया गया था।

वैभव जाधव के अनुसार, केतन अग्रवाल और सिया गोयल प्री-वेडिंग शूट के लिए इंडोनेशिया के बाली जा रहे थे। पुणे से मुंबई एयरपोर्ट के लिए कार बुक की गई थी, लेकिन सिया शुरुआत से ही जाने के पक्ष में नहीं दिख रही थी। ड्राइवर का कहना है कि सिया कार में बैठने से इनकार कर रही थी, जिसके बाद उसके भाई साहिल गोयल ने उसे समझाने की कोशिश की और आखिरकार हाथ पकड़कर कार में बैठाया। यात्रा के शुरुआती हिस्से में सिया और साहिल के बीच काफी देर तक तीखी बहस भी हुई।

ड्राइवर ने यह भी बताया कि रास्ते में एक फूड कोर्ट पर सभी लोग चाय-नाश्ते के लिए रुके थे। उसी दौरान सिया चुपचाप कार के पास गई, दरवाजा खोलकर अंदर से कुछ सामान निकाला और अपनी जेब में रख लिया। उस समय किसी ने इस घटना पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन बाद में इसकी अहमियत सामने आई।

मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों को छोड़ने के बाद वैभव वापस पुणे लौट रहे थे। इसी दौरान केतन के निजी ड्राइवर का फोन आया कि केतन का पासपोर्ट और कुछ जरूरी सामान गायब है। वैभव का दावा है कि तब उन्हें फूड कोर्ट वाली घटना याद आई और उन्हें शक हुआ कि सिया ने वहीं कार से केतन का पासपोर्ट निकाल लिया था। आरोप है कि ऐसा इसलिए किया गया ताकि केतन की बाली यात्रा रुक जाए और दोनों की फ्लाइट छूट जाए।

उधर, जांच में जुटी पुणे पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान सिया गोयल और चेतन चौधरी ने हत्या की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, 18 जून को दोनों ने योजना बनाकर केतन को लोहागढ़ किले की ऊंचाई से धक्का दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि अब दोनों आरोपी एक-दूसरे पर हत्या की मुख्य जिम्मेदारी डालने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से करीब 34 मिनट पहले सिया और चेतन के बीच लंबी फोन पर बातचीत हुई थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस कॉल में कथित तौर पर पूरी योजना के अंतिम चरण पर चर्चा की गई थी। पुलिस इस कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है।

वहीं, सिया ने पूछताछ में दावा किया कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। उसने यह भी कहा कि केतन विग पहनता था और उसे यह बात पसंद नहीं थी। दूसरी ओर, केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि शादी तय होने से पहले ही गोयल परिवार को इस बारे में जानकारी दे दी गई थी। उनका यह भी कहना है कि ट्रैकिंग पर जाने का प्रस्ताव भी सिया की ओर से ही आया था।

इधर, सिया के भाई साहिल गोयल से भी पुलिस ने करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। साहिल ने कहा कि यदि उसकी बहन शादी नहीं करना चाहती, तो परिवार उस पर कभी दबाव नहीं डालता। अब सभी की नजर सोमवार को होने वाली कोर्ट की सुनवाई पर है, जहां पुलिस दोनों आरोपियों की रिमांड बढ़ाने की मांग कर सकती है और जांच से जुड़े नए तथ्यों को अदालत के सामने रख सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *