डिजिटल डेस्क- कानपुर के बजरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेकनगंज इलाके में जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ मामूली विवाद के बाद दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शनिवार रात इस पूरी घटना के तीन अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कमिश्नरी के आला अधिकारियों के होश उड़ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सेंट्रल ने स्थानीय थाना प्रभारी को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर माहौल बिगाड़ने वाले हुड़दंगियों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है।
पहले वीडियो में सरेआम पथराव और पुलिस की मशक्कत
बेकनगंज के बाबा मार्केट का एक 38 सेकंड का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें रात के समय भारी भीड़ के साथ जुलूस निकलता दिखाई दे रहा है। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। वीडियो में आगे चल रहे लोगों के बीच अचानक विवाद होता है और देखते ही देखते कई युवक दोनों तरफ से एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर देते हैं। इस दौरान कुछ लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते हैं, जबकि एक-दो युवक सड़क पर गिरते हुए भी नजर आते हैं। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने, भीड़ को पीछे हटाने और रास्ता खाली कराने का प्रयास करते दिख रहे हैं।
दूसरे वीडियो में लाठी-डंडों से युवक की बेरहमी से पिटाई
घटना से जुड़ा दूसरा वीडियो 2 मिनट 38 सेकंड का है, जो बेकनगंज के डायमंड ज्वेलर्स के बाहर का बताया जा रहा है। इस वीडियो में जुलूस के बीचो-बीच सड़क पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई की जा रही है। मौके पर मौजूद भारी भीड़ के सामने कुछ लोग युवक को लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ पीटते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ अन्य लोग बीच-बचाव करने और शोर-शराबा करते दिख रहे हैं। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह मारपीट किस वजह से हुई और इसमें शामिल हमलावर कौन थे।
तीसरे वीडियो में ऊँची इमारत से कैद हुआ बवाल का मंजर
इसी तरह घटना का एक तीसरा वीडियो भी सामने आया है जो 1 मिनट 46 सेकंड का है। किसी ऊंची इमारत से बनाए गए इस वीडियो में सड़क पर जुलूस आगे बढ़ता दिख रहा है, तभी अचानक बीच में कुछ लोग आपस में भिड़ जाते हैं। देखते ही देखते कई लोग एक युवक को घेरकर उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने लगते हैं। इस हंगामे के कारण कुछ देर के लिए जुलूस की रफ्तार भी थम जाती है। हालांकि, बाद में कुछ लोग एक-दूसरे को अलग करते हैं और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होती है। पुलिस इन तीनों वीडियो को आधार बनाकर आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है।