संत कबीर नगर को सीएम योगी ने दी 475 करोड़ की बड़ी सौगात, आपातकाल को लेकर कांग्रेस-सपा पर बोला करारा हमला

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत कबीर नगर जिले को ₹475 करोड़ से अधिक की लागत वाली विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी है। बुधवार को जिले के दौरे पर पहुंचे सीएम योगी ने इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विकास और सुशासन का दावा किया, तो वहीं दूसरी तरफ 25 जून 1975 के आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) गठबंधन पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।

“यूपी अब देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन” – सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब जनता अच्छी सरकारें और अच्छे जनप्रतिनिधि चुनती है, तभी विकास और विरासत को सम्मान मिलता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कभी सबसे पिछड़ा माना जाने वाला धनघटा और खजनी क्षेत्र आज पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जुड़कर लखनऊ के बेहद करीब आ चुका है। भ्रष्ट सरकारों पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि जब बेईमान सत्ता में आते हैं, तो वे जनता के अधिकारों पर डकैती डालते हैं, बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाते हैं और किसानों-व्यापारियों को तबाह करते हैं। लेकिन आज पीएम मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ‘ग्रोथ इंजन’ बनकर मजबूती से खड़ा है।

आपातकाल भारत का काला दिन, किस मुंह से संविधान की प्रति लेते हैं राहुल-अखिलेश?

25 जून की तारीख का हवाला देते हुए सीएम योगी ने आपातकाल को लेकर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 भारत के इतिहास का सबसे काला दिन है, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश पर आपातकाल थोपकर लोकतंत्र का गला घोंट दिया था। नागरिकों के अधिकार छीन लिए गए थे और मीडिया पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोलते हुए सीएम ने कहा कि आपातकाल के दौरान खुद मुलायम सिंह यादव को भी जेल में डाला गया था क्योंकि उन्होंने तानाशाही का विरोध किया था। ऐसे में आज राहुल और अखिलेश किस मुंह से जनता के बीच लोकतंत्र की दुहाई देते हैं और संविधान की प्रति लेकर घूमते हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *