जालौनः कंट्रोल रूम में महिला सिपाही ने किया प्यार का इजहार, CCTV में कैद हुई हरकत, मुंशी सस्पेंड

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद की उरई कोतवाली इन दिनों बहादुरी के लिए नहीं, बल्कि पुलिस महकमे के भीतर अनुशासन की धज्जियां उड़ने को लेकर सुर्खियों में है। कोतवाली परिसर में बने पुलिस कंट्रोल रूम (कंप्यूटर कक्ष) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ड्यूटी के दौरान प्यार का इजहार और आपत्तिजनक व्यवहार कैमरे में कैद हुआ है। इस शर्मनाक मामले का संज्ञान लेते हुए जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है और मुंशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मुंशी हटाता रहा हाथ, पीछे-पीछे भागती रही अंडर ट्रेनिंग महिला सिपाही

जानकारी के अनुसार, मुंशी अरविंद पटेल उरई कोतवाली के कंट्रोल रूम में कंप्यूटर पर अपनी आधिकारिक ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान कोतवाली में ही अंडर ट्रेनिंग (Under Training) तैनात एक महिला आरक्षी (सिपाही) कंप्यूटर कक्ष में पहुंचती है। वायरल सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि महिला सिपाही ड्यूटी की मर्यादा भूलकर मुंशी अरविंद पटेल के साथ अमर्यादित व्यवहार करने लगती है। इस दौरान मुंशी बेहद असहज हो गया और खुद को बचाने के लिए कुर्सी छोड़कर कमरे के दूसरी तरफ जाकर खड़ा हो गया, लेकिन महिला सिपाही उसके पीछे-पीछे वहां भी पहुंच गई और लगातार अपनी जिद पर अड़ी रही। वीडियो में मुंशी कई बार महिला सिपाही से खुद को अलग करता और बचता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।

तीसरी आंख ने खोली पोल, एसपी ने लिया कड़ा एक्शन

कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर तैनात इन पुलिसकर्मियों को शायद इस बात का अंदाजा नहीं था कि कमरे के चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे की नजर है। यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिससे यूपी पुलिस की साख पर सवाल उठने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विनय कुमार सिंह ने प्रारंभिक जांच के आधार पर मुंशी अरविंद पटेल को तुरंत सस्पेंड कर दिया है। वहीं, प्यार का इजहार करने वाली महिला आरक्षी के खिलाफ भी विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *