Knews Desk, अयोध्या के राम मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश का खुलासा करते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), एटीएस और कर्नाटक पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र स्थित लखनौती गांव निवासी सुहैल के रूप में हुई है। सुरक्षा एजेंसियां उसके नेटवर्क और संपर्कों की गहन जांच में जुटी हैं।
कर्नाटक के दावणगेरे से हुई गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को कर्नाटक के दावणगेरे जिले के हरिहर क्षेत्र में एनआईए, एटीएस और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर सुहैल को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि वह हरिहर के पास एक औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में पेंटर के तौर पर काम कर रहा था। एजेंसियों के अनुसार, वह सामान्य मजदूर की तरह रहकर अपनी वास्तविक पहचान छिपाने की कोशिश कर रहा था।
पूछताछ में राम मंदिर को निशाना बनाने की बात आई सामने
गिरफ्तारी के बाद जब एटीएस और पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो कई अहम जानकारियां सामने आईं। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में बम विस्फोट की साजिश से जुड़े कुछ पहलुओं की जानकारी दी है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच और तेज कर दी है।
मोबाइल फोन से मिले संदिग्ध सुराग
जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से पाकिस्तान के कुछ नंबर, संदिग्ध व्हाट्सएप ग्रुप और हथियारों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
साथ ही आरोपी से जुड़ी जानकारी उत्तर प्रदेश सरकार और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को भी भेज दी गई है। इसके बाद सहारनपुर में भी जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल डेटा और सोशल मीडिया गतिविधियों का विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि उसके संपर्कों और संभावित नेटवर्क की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।
15 दिनों में तीसरा संदिग्ध गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले 15 दिनों के भीतर कर्नाटक में गिरफ्तार किया गया यह तीसरा संदिग्ध आतंकी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि 4 जून को पकड़े गए दो संदिग्धों से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर सुहैल तक पहुंचा गया। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था या नहीं।