Knews Desk- बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी एक बार फिर अपने पसंदीदा जॉनर हॉरर में वापसी करने जा रहे हैं। इन दिनों वह अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म आवारापन 2 की शूटिंग में व्यस्त हैं, लेकिन इसी बीच उनकी नई फिल्म रूह का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। खास बात यह है कि यह एक पारंपरिक हॉरर फिल्म नहीं, बल्कि म्यूजिकल हॉरर होगी, जिसमें डर, इमोशन और संगीत का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा।
करीब पांच साल बाद इमरान हाशमी एक बार फिर भूत-प्रेत और रहस्य की दुनिया में कदम रख रहे हैं। इससे पहले वह डिब्बुक में नजर आए थे, जो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी। अब उनकी नई फिल्म ‘रूह’ के ऐलान ने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
https://www.instagram.com/reel/DZ6qZAmJw6I/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
इमरान हाशमी को बॉलीवुड में हॉरर फिल्मों का एक मजबूत चेहरा माना जाता है। उन्होंने अपने करियर में राज, राज 3, एक थी डायन और राज: रीबूट जैसी फिल्मों में अभिनय कर दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। यही वजह है कि ‘रूह’ के ऐलान के बाद उनके प्रशंसकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
फिल्म ‘रूह’ का निर्देशन मयंक शर्मा कर रहे हैं। फिल्म की कहानी मयंक शर्मा और विशाल कपूर ने मिलकर लिखी है। विशाल कपूर इससे पहले लापाछपी और छोरी जैसी हॉरर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। यह फिल्म विकेड फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही है, जबकि इसके निर्माता विक्रम खाखर और सनी खन्ना हैं। मेकर्स ने घोषणा की है कि ‘रूह’ को साल 2027 में हिंदी के साथ-साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए इमरान हाशमी ने कहा कि ‘रूह’ की कहानी ने उन्हें पहली बार में ही आकर्षित कर लिया था। उनके मुताबिक यह फिल्म आधुनिक हॉरर, भावनाओं और संगीत को बेहद प्रभावशाली तरीके से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि दर्शकों ने हमेशा उन्हें इस जॉनर में पसंद किया है और निर्देशक मयंक शर्मा जिस दुनिया को पर्दे पर रच रहे हैं, वह बेहद भावनात्मक, रोमांचक और सिनेमाई अनुभव देने वाली होगी।
एक ओर जहां दर्शक ‘आवारापन 2’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं ‘रूह’ के ऐलान ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले समय में इमरान हाशमी एक बार फिर हॉरर फिल्मों के जरिए बड़े पर्दे पर अपना जादू बिखेरने वाले हैं।