‘सत्ता के बिना नहीं होते काम’… बगावत के बीच शिवसेना UBT छोड़ने पर बोले नागेश अष्टिकर

KNEWS DESK – महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज है। Nagesh Ashtikar के पार्टी छोड़ने के बाद अब उन्होंने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। हिंगोली से सांसद नागेश अष्टिकर ने साफ कहा है कि उन्होंने किसी नाराजगी की वजह से नहीं, बल्कि अपने संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए सत्ता के साथ जाने का फैसला लिया है।

सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में Nagesh Ashtikar ने कहा कि उनकी Uddhav Thackeray या Sanjay Raut से कोई नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे ने हमेशा उन्हें सम्मान और स्नेह दिया है, जबकि संजय राउत उनके लिए पिता समान हैं।

उन्होंने आगे कहा कि राजनीति में कोई भी फैसला सोच-समझकर लिया जाता है। उनके अनुसार, बिना सत्ता में रहे जनता के काम कराना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने दावा किया कि उनके क्षेत्र में कई विकास परियोजनाएं रुकी हुई थीं और फंड जारी नहीं हो रहा था, जिसके कारण उन्हें यह फैसला लेना पड़ा।

इस बीच Uddhav Thackeray भी पार्टी में हुई बगावत के बाद सक्रिय हो गए हैं। वह 26 जून से महाराष्ट्र के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने की कोशिश करेंगे।

उधर, पार्टी में उठे सवालों के बीच उद्धव ठाकरे ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि वह सत्ता से चिपके रहने के लिए राजनीति में नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक शिवसैनिक चाहेंगे, वह नेतृत्व करते रहेंगे, लेकिन यदि कार्यकर्ता कहेंगे तो वह बिना किसी हिचकिचाहट के पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के लिए भी तैयार हैं।

महाराष्ट्र की राजनीति में इस घटनाक्रम के बाद सियासी सरगर्मियां और तेज हो गई हैं, वहीं सभी की नजर अब उद्धव ठाकरे के आगामी दौरे और उसके राजनीतिक असर पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *