अफगानिस्तान का बड़ा बदला…. पाकिस्तान के बलूचिस्तान पर ताबड़तोड़ ड्रोन स्ट्राइक, ISIS के ठिकानों पर बरसाए बम

डिजिटल डेस्क- पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव अब बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। पाकिस्तान की ओर से पिछले कुछ दिनों से किए जा रहे हवाई हमलों का करारा जवाब देते हुए अफगानिस्तान की तालिबान वायुसेना ने एक बड़ा कदम उठाया है। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की सीमा के भीतर घुसकर बलूचिस्तान प्रांत में ताबड़तोड़ ड्रोन हमले किए हैं। इन हमलों से पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में भारी कोहराम मच गया है।

ISIS के अड्डों और आतंकी ठिकानों को बनाया निशाना

अफगानिस्तान सरकार की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, उनकी वायुसेना ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान में स्थित ‘किला अब्दुल्ला’ जिले के गुलिस्तान इलाके में कई ठिकानों को निशाना बनाया है। तालिबान का दावा है कि ये ठिकाने आतंकी संगठन ISIS (इस्लामिक स्टेट) के मुख्य ऑपरेशनल बेस थे। अफगानिस्तान का कहना है कि इन जगहों का इस्तेमाल कुछ ‘दुश्मन इंटेलिजेंस ग्रुप्स’ (विदेशी खुफिया एजेंसियों) की मदद से अफगानिस्तान के खिलाफ हिंसक हमलों की साजिश रचने और उन्हें अंजाम देने के लिए किया जा रहा था।

पाकिस्तान के हमलों में हुई थी बच्चों की मौत, तालिबान ने लिया बदला

यह ड्रोन स्ट्राइक कोई अचानक की गई कार्रवाई नहीं है, बल्कि एक बड़ा जवाबी हमला है। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तानी सेना लगातार अफगानिस्तान की सीमा के अंदर हवाई हमले कर रही थी। पाकिस्तान द्वारा किए गए उन हमलों में अफगानिस्तान के कई मासूम बच्चों की मौत हो गई थी, जिसके बाद तालिबान प्रशासन ने सार्वजनिक रूप से पाकिस्तान को अंजाम भुगतने और बदला लेने की चेतावनी दी थी। इस ड्रोन अटैक को उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है। सीमा पर दोनों ओर से बढ़ रही इस सैन्य आक्रामकता ने दक्षिण एशिया के भू-राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। अफगानिस्तान द्वारा पाकिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन कर उसकी सीमा में ड्रोन दागने के बाद अब दोनों देशों के बीच युद्ध जैसी स्थिति बनती दिख रही है। फिलहाल इस हमले में हुए नुकसान को लेकर पाकिस्तान सरकार या सेना की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *