भांजी से छेड़खानी का विरोध करने पर युवक की गला रेतकर हत्या, आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर में लगाई आग, 3 जिलों की पुलिस तैनात

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र स्थित बभनी चौराहे पर गुरुवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ अपनी भांजी से हुई छेड़खानी का विरोध करने पर एक 30 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया, जिसके बाद उग्र ग्रामीणों ने आरोपी के घर और एक दुकान (गुमटी) में आग लगा दी।

शादी समारोह में हुआ था विवाद, रंजिश में वारदात

मृतक की पहचान कोलकी चमरसन गांव निवासी आनंद (30) पुत्र इंद्रेश के रूप में हुई है, जो पेशे से टाइल्स लगाने का काम करता था। चचेरे भाई रोहित के मुताबिक, कुछ दिन पहले एक शादी समारोह के दौरान पास के गांव का रहने वाला आरोपी नासिर अली, आनंद की भांजी से छेड़खानी कर रहा था। उस वक्त आनंद ने इसका कड़ा विरोध किया था। इसी रंजिश को लेकर गुरुवार रात जब आनंद बभनी चौराहे से सामान खरीदकर घर लौट रहा था, तभी नासिर ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आनंद की मौके पर ही मौत हो गई।

शव सड़क पर रख हंगामा, परिजनों की मांग– “एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई हो”

हत्या की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ ने आरोपी के घर और एक गुमटी को आग के हवाले कर दिया। इलाके में भारी तनाव को देखते हुए तुरंत तीन जनपदों की पुलिस फोर्स और फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। मृतक की पत्नी मीना ने रोते हुए कहा, “हमें जान के बदले जान चाहिए।” वहीं, परिजनों और ग्रामीणों की मांग है कि हत्यारोपी का तुरंत एनकाउंटर किया जाए और उसके घर पर बुलडोजर चलाया जाए।

मौके पर पहुंचे आलाधिकारी, छावनी में तब्दील हुआ इलाका

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एडीजी अशोक मुथा जैन, डीआईजी संजीव त्यागी, एसपी संदीप कुमार मीणा और डीएम आलोक कुमार भारी पुलिस बल के साथ रात में ही मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया और देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसपी संदीप कुमार मीणा ने बताया कि नासिर नामक युवक ने पुरानी रंजिश और विवाद में आनंद की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की है। घटना के बाद कुछ जगहों पर भीड़ द्वारा आगजनी की गई थी, जिसे नियंत्रित कर लिया गया है। मुख्य आरोपी नासिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गांव और चौराहे पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *