उन्नावः पत्नी ने ससुराल में लगाई फांसी, खबर सुनते ही सेना में तैनात फौजी पति ने भी दी जान, दो मासूम बच्चे अनाथ

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बीघापुर थाना क्षेत्र से एक ऐसी दुखद घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ पारिवारिक विवाद और घरेलू कलह के चलते एक विवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जब इस आत्मघाती कदम की खबर कोलकाता में ड्यूटी पर तैनात उसके फौजी पति को मिली, तो सदमे और अवसाद में आकर उसने भी आत्महत्या कर ली। पति-पत्नी के इस खौफनाक फैसले से उनके दो मासूम बच्चों के सिर से हमेशा के लिए माता-पिता का साया उठ गया है।

शादी समारोह में शामिल होने सपरिवार आए थे घर

जानकारी के अनुसार, बीघापुर थाना क्षेत्र के दांदामऊ गांव के रहने वाले 40 वर्षीय शैलेंद्र पांडेय भारतीय सेना में कार्यरत थे। उनकी शादी 12 वर्ष पहले कानपुर की रहने वाली साधना (38) से हुई थी। शैलेंद्र के घर में शादी का एक कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए वे पूरे परिवार के साथ गांव आए हुए थे। कार्यक्रम के बाद वह अपनी पत्नी और बच्चों को घर पर ही छोड़कर छुट्टी बढ़वाने के सिलसिले में वापस अपनी ड्यूटी पर लौट गए थे। लेकिन मंगलवार रात उनकी पत्नी साधना ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

साधना की मौत की सूचना पाकर जब उसके मायके वाले उन्नाव पहुंचे, तो घर में कोहराम मच गया। साधना के भाई अनुज ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे बहनोई ने मंगलवार शाम फोन पर साधना के फांसी लगाने की बात कही थी, लेकिन जब हम पहुंचे तो बहन का शव बर्फ की सिल्ली पर रखा था। भाई का आरोप है कि उसकी बहन की हत्या की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पत्नी की मौत की खबर सुनते ही फौजी ने भी तोड़ा दम

इधर उन्नाव में पत्नी के शव का पोस्टमार्टम चल रहा था, उधर कोलकाता में ड्यूटी पर तैनात शैलेंद्र पांडेय को जैसे ही पत्नी की मौत की खबर मिली, वे यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सके और उन्होंने भी अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। शैलेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार के कुछ लोग उनका शव लेने के लिए कोलकाता रवाना हो गए हैं। इस दोहरे हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बीघापुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में घटना की मुख्य वजह घरेलू कलह और पारिवारिक विवाद सामने आ रही है। पत्नी की मौत की खबर सुनने के बाद ही पति ने भी अपनी जान दे दी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *