Knews Desk- बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। पावापुरी थाना क्षेत्र के शमवशरण मंदिर के पास यात्रियों से भरी एक बस 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गई, जिससे बस में अचानक करंट फैल गया। इस हादसे में एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
जानकारी के अनुसार, बस में करीब 50 से 60 मजदूर सवार थे, जो नरकटिया स्थित ईंट-भट्ठे पर काम करने के बाद अपने गांव घोसरावां लौट रहे थे। बस की छत पर यात्रियों का सामान और एक साइकिल रखी हुई थी। जैसे ही बस शमवशरण मंदिर के पास पहुंची, छत पर रखी साइकिल ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई। इसके बाद पूरे बस में करंट फैल गया और अंदर मौजूद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। करंट फैलते ही कई यात्री जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बस से कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर पावापुरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव अभियान में शामिल हो गई। इस हादसे में रुदल मांझी और उनकी पत्नी फूलो देवी की करंट लगने से मौत हो गई। दोनों मजदूरी करके अपने घर लौट रहे थे। घायलों में पुटूस कुमारी, रिंकू देवी, करु मांझी, संतोष मांझी, पवन मांझी, सरोज देवी, धर्मेंद्र मांझी और राजकुमार मांझी शामिल हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को पावापुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। राजगीर के एसडीएम सूर्य प्रकाश गुप्ता, एसडीपीओ संजीत कुमार गुप्ता और पावापुरी थानाध्यक्ष ने घायलों का हाल जाना और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस की छत पर रखी साइकिल ही हादसे का कारण बनी, जो हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई।
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली के तारों की ऊंचाई और उनकी स्थिति की भी जांच की जा रही है। यदि बिजली विभाग की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के पति-पत्नी की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि घायल लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।