नोएडाः शराब पार्टी के बाद साथी कर्मचारी के प्राइवेट पार्ट में भरा कंप्रेसर से हवा, आंतें फटीं, आरोपी दो दोस्त गिरफ्तार

शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने हंसी-मजाक की सभी सीमाओं को पार कर इसे एक खौफनाक हादसे में बदल दिया। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर 29 में स्थित एक निजी कंपनी में दो सफाई कर्मचारियों ने अपने ही एक साथी के प्राइवेट पार्ट में कंप्रेसर पाइप लगाकर हवा भर दी। कंप्रेसर के अत्यधिक प्रेशर के कारण पीड़ित कर्मचारी की आंतें फट गईं और वह जीवन और मौत के बीच जूझ रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सफाई करने के दौरान झुकने पर किया ‘जानलेवा मजाक’

जानकारी के अनुसार, रबूपुरा थाना क्षेत्र के सेक्टर 29 स्थित ‘सूर्य ग्लोबल फ्लेक्सी फिल्म’ नाम की कंपनी में उत्तराखंड के काशीपुर के रहने वाले तीन युवक सफाई कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थे। एक दिन तीनों ने मिलकर शराब पार्टी का आयोजन किया था। पार्टी के बाद जब एक कर्मचारी झुककर फर्श की सफाई कर रहा था, तभी बाकी दोनों साथियों ने मजाक-मजाक में कंप्रेसर पाइप उठाया और उसके प्राइवेट पार्ट में लगाकर हवा का तेज प्रेशर छोड़ दिया।

आंतें फटने से हालत बेहद नाजुक, ICU में वेंटिलेटर पर समीर

हवा का दबाव इतना घातक था कि पीड़ित कर्मचारी के पेट के अंदरूनी हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उसकी तबीयत तत्काल बिगड़ने लगी। दर्द से तड़पते हुए देख मौके पर मौजूद अन्य लोग उसे तुरंत जेवर के कैलाश अस्पताल ले गए। वहाँ डॉक्टरों ने जब जांच की तो पता चला कि तेज प्रेशर की वजह से युवक की आंतें फट चुकी हैं। तत्काल सर्जरी और गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ फिलहाल वह आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। घायल कर्मचारी की पहचान समीर (निवासी काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखंड) के रूप में हुई है।

कंपनी मैनेजर की तहरीर पर मुकदमा, जीशान और दिलशाद गिरफ्तार

इस खौफनाक घटना की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस की टीम तुरंत अस्पताल व घटनास्थल पर पहुंची। कंपनी के मैनेजर द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर रबूपुरा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साथी कर्मचारी जीशान और दिलशाद को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *