महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा भूचाल! उद्धव गुट के कई सांसद शिंदे खेमे के संपर्क में, दिल्ली में बढ़ी हलचल

KNEWS DESK- महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े सियासी घटनाक्रम के संकेत मिल रहे हैं। शिवसेना (यूबीटी) के कई सांसदों के एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की अटकलों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। सूत्रों के मुताबिक, उद्धव ठाकरे गुट के 6 से 7 सांसद नई दिल्ली पहुंचे हैं, जहां उनकी महत्वपूर्ण बैठकों का दौर चल सकता है।

जानकारी के अनुसार, सांसदों की बैठक पहले दिल्ली में श्रीकांत शिंदे के आवास पर हो सकती है। इस दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के भी मौजूद रहने की संभावना जताई जा रही है। बैठक के बाद सांसदों के लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात करने की भी चर्चा है।

राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि कुछ सांसद लोकसभा में अलग समूह बनाने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। इसके बाद उनके शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस बीच, संभावित राजनीतिक बदलाव को देखते हुए एकनाथ शिंदे की कानूनी टीम भी दिल्ली पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि यदि कोई बड़ा फैसला होता है तो उससे जुड़ी संवैधानिक और कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए पहले से तैयारी की जा रही है।

उधर, उद्धव ठाकरे द्वारा मुंबई स्थित मातोश्री में बुलाई गई बैठक भी चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जा रहा है कि पार्टी के सभी सांसद बैठक में शामिल नहीं हुए, जिसके बाद बगावत की अटकलों को और बल मिला है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि बड़ी संख्या में सांसद शिंदे गुट का रुख करते हैं तो यह उद्धव ठाकरे के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।

गौरतलब है कि वर्ष 2022 में एकनाथ शिंदे की अगुवाई में शिवसेना में हुई बगावत ने महाराष्ट्र की राजनीति की दिशा बदल दी थी। उस बगावत के बाद पार्टी दो हिस्सों में बंट गई थी और राज्य में नई सरकार का गठन हुआ था। अब एक बार फिर उसी तरह के घटनाक्रम की चर्चाओं ने राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है।

फिलहाल सभी की नजरें दिल्ली में होने वाली बैठकों और संभावित फैसलों पर टिकी हुई हैं, जो महाराष्ट्र की राजनीति में नया मोड़ ला सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *