सैफ अली खान और प्रियंका चोपड़ा पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाले थे, लेकिन फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले ही कास्टिंग में बड़ा बदलाव हो गया। रितेश बत्रा के निर्देशन में बन रही इस पीरियड ड्रामा फिल्म से प्रियंका चोपड़ा के बाहर होने की खबर है। बताया जा रहा है कि प्रोफेशनल कमिटमेंट्स और शूटिंग की तारीखों में तालमेल न बैठ पाने के कारण उन्होंने इस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली।
Knews Desk – बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान इन दिनों कई फिल्मी प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उनके एक नए पीरियड ड्रामा की शूटिंग मुंबई में शुरू हो गई है। फिल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है। 21 अक्टूबर को भायखला स्थित एक म्यूजियम में इसकी शूटिंग शुरू हुई, जहां फिलहाल सैफ अली खान के हिस्सों की शूटिंग की जा रही है। मेकर्स अब फिल्म के लिए नई लीड एक्ट्रेस की तलाश में जुटे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म में पहले सैफ अली खान के अपोजिट प्रियंका चोपड़ा को कास्ट किया गया था। अगर यह कास्टिंग आगे बढ़ती, तो दोनों पहली बार एक साथ स्क्रीन साझा करते नजर आते। हालांकि, मुंबई शेड्यूल शुरू होने से पहले ही प्रियंका के फिल्म से अलग होने की खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि अभिनेत्री के दूसरे प्रोफेशनल कमिटमेंट्स के चलते शूटिंग की तारीखों को लेकर परेशानी हुई। फिल्म की टीम इस समस्या का समाधान नहीं निकाल पाई, जिसके बाद कास्टिंग में बदलाव करना पड़ा। हालांकि, प्रियंका के फिल्म छोड़ने की वजह को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
कास्टिंग में इस बदलाव के बावजूद फिल्म को लेकर दिलचस्पी बनी हुई है। यह निर्देशक रितेश बत्रा और सैफ अली खान का पहला साझा प्रोजेक्ट है। रितेश बत्रा को साल 2013 में आई फिल्म ‘द लंचबॉक्स’ से खास पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने ‘द सेंस ऑफ एन एंडिंग’, ‘आवर सोल्स एट नाइट’ और ‘फोटोग्राफ’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया।
वहीं, प्रियंका चोपड़ा जल्द ही निर्देशक एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ में नजर आने वाली हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म में उनका किरदार नकारात्मक हो सकता है। बताया जा रहा है कि प्रियंका अपने हिस्से की शूटिंग का ज्यादातर काम पूरा कर चुकी हैं और कुछ शूटिंग बाकी है। ऐसे में सैफ अली खान की फिल्म से उनके बाहर होने की खबर ने इस संभावित नई जोड़ी को लेकर दर्शकों की उम्मीदों पर विराम लगा दिया है।