कर्नाटक के मैसूर में पब में भीषण आग, 2 कर्मचारियों की जिंदा जलकर मौत, 7 घायल

KNEWS DESK – कर्नाटक के मैसूर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। दत्तागल्ली चौथे चरण क्षेत्र स्थित फॉक्स डेन लिकर गैराज पब में भीषण आग लगने से दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, आग पब की रसोई से शुरू हुई और कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में फैल गई। आग के साथ घना काला धुआं पूरे भवन में भर गया, जिससे अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई लोग आग की चपेट में आ गए और अंदर ही फंस गए।

हादसे में पब में काम करने वाले दो कर्मचारी शाहिल और प्रकाश की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए थे और उन्हें बचाया नहीं जा सका। वहीं सात अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि सिलेंडर ब्लास्ट की भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि पब और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की सख्ती से जांच की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *