पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन पर बवाल, परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों का प्रदर्शन हिंसक, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

KNEWS DESK- बिहार पुलिस निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन रविवार को पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हिंसक रूप ले बैठा। ट्रेनों की व्यवस्था और देरी को लेकर नाराज छात्रों ने स्टेशन परिसर में जमकर हंगामा किया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए स्टेशन पर एकत्र हुए थे। इसी दौरान ट्रेन संचालन को लेकर असंतोष बढ़ने लगा और कुछ अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ कर दी। साथ ही रेलवे संचालन को प्रभावित करने का प्रयास भी किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की। हालांकि, प्रदर्शनकारियों के आक्रामक रवैये के कारण पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने, लाठीचार्ज करने और चेतावनी स्वरूप हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इस दौरान पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (आईजी) भी शामिल बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करते हुए रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि देर रात प्रशासन को स्टेशन पर हंगामे की सूचना मिली थी। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से शांति बनाए रखने और अन्य परीक्षार्थियों के हितों का ध्यान रखने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व लगातार इमरजेंसी चेन खींच रहे थे और अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की मांग कर रहे थे, जबकि रेलवे द्वारा पहले से दो विशेष ट्रेनें उपलब्ध कराई गई थीं।

डीएम के अनुसार, कुछ उपद्रवी तत्वों ने उन अभ्यर्थियों को भी रोकने की कोशिश की जो परीक्षा देने के लिए रवाना होना चाहते थे। इसी कारण पुलिस को सीमित बल प्रयोग करना पड़ा। प्रशासन का दावा है कि अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है, सभी निर्धारित ट्रेनें अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुकी हैं और रेलवे परिचालन सुचारु रूप से जारी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *