खान सर फायरिंग मामले में नया खुलासा! CCTV में कैद हुईं छात्राओं की चीखें और गोलियों की आवाज

KNEWS DESK – पटना के खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर हुई कथित फायरिंग मामले में एक नया CCTV वीडियो सामने आने के बाद विवाद फिर तेज हो गया है। वायरल वीडियो में गोलियों जैसी आवाजें सुनाई दे रही हैं और पास के एक गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्राएं घबराकर अपने कमरों से बाहर निकलती दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि हॉस्टल के CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है।

करीब 2 मिनट 23 सेकेंड लंबे फुटेज में फायरिंग जैसी आवाजें सुनाई देती हैं, जिसके बाद छात्राएं सुरक्षित जगह तलाशती नजर आती हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि वीडियो में चार नहीं बल्कि सात राउंड फायरिंग की आवाज रिकॉर्ड हुई है। घटना के बाद हॉस्टल में रहने वाली कई छात्राएं पूरी रात डरी-सहमी रहीं और कुछ ने अगले दिन अपने घर लौटने का फैसला भी किया।

इस मामले में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई भी सवालों के घेरे में रही। घटना के बाद अधिकारियों की ओर से पहले फायरिंग की बात से इनकार किया गया था, लेकिन बाद में सामने आए वीडियो और अन्य तथ्यों के बाद जांच का दायरा बढ़ा। मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हुई और जांच के दौरान नए दावे भी सामने आए।

विवाद तब और बढ़ गया जब खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर का नाम भी जांच में शामिल किया गया। बाद में उन्होंने अदालत का रुख किया और अग्रिम जमानत हासिल की। फिलहाल मामले से जुड़ी याचिका उच्च न्यायालय में लंबित है, जहां सरकार से जवाब मांगा गया है।

अब वायरल CCTV फुटेज के सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। लोगों की नजरें पुलिस जांच और अदालत की अगली सुनवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *