मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का सीएम योगी ने किया उद्घाटन

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर लखनऊ के लोकभवन में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।

इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने देश की कार्यप्रणाली और जनता की सोच में बड़ा बदलाव किया है। उनके अनुसार, सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका को खत्म किया गया है।

पंकज चौधरी ने कहा कि पहले जहां योजनाओं का लाभ सही लोगों तक नहीं पहुंच पाता था, वहीं अब सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पैसा पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जनधन खातों के जरिए बड़ी संख्या में लोगों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ा गया, जिससे योजनाओं में लीकेज पूरी तरह रोकी गई।

उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार “नागरिक देवो भव:” की भावना के साथ काम कर रही है और जनता को विकास का वास्तविक भागीदार बनाया गया है।

भाजपा नेता ने दावा किया कि केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के नेतृत्व में राज्य ने तेजी से विकास किया है। उनके अनुसार, 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को कानून-व्यवस्था की समस्याओं और अव्यवस्था के लिए जाना जाता था, लेकिन अब राज्य की पहचान एक्सप्रेसवे, इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर कानून व्यवस्था से हो रही है।

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और सत्ता में हैट्रिक लगाएगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी में सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास परियोजनाओं और उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *