KNEWS DESK – फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। रणवीर सिंह के फिल्म से अलग होने के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। अब पंजाबी अभिनेता और गायक एमी विर्क ने इस पूरे विवाद पर अपनी राय रखी है और खुलकर रणवीर सिंह का समर्थन किया है।
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान एमी विर्क ने कहा कि उन्हें विवाद की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन वह इतना जरूर मानते हैं कि रणवीर सिंह को पूरी तरह गलत ठहराना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जब रणवीर सिंह की कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर रही थीं, तब फिल्म की शूटिंग शुरू की जा सकती थी। ऐसे में अब परिस्थितियां बदलने के बाद सारा दोष अभिनेता पर डालना सही नहीं लगता।
एमी विर्क ने प्रोडक्शन हाउस की ओर से कथित तौर पर मांगे जा रहे 45 करोड़ रुपये के हर्जाने पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि किसी प्रकार का वास्तविक आर्थिक बकाया है तो उसे बातचीत के जरिए सुलझाया जा सकता है, लेकिन इतनी बड़ी रकम की मांग करना उचित नहीं दिखाई देता। उन्होंने कहा कि अगर किसी पक्ष को लगता है कि उसके साथ गलत हुआ है तो कानूनी रास्ता अपनाया जा सकता है।
अभिनेता ने यह भी बताया कि हाल ही में उन्होंने रणवीर सिंह से फोन पर बातचीत की थी। ‘धुरंधर’ के ट्रेलर रिलीज होने के बाद उन्होंने रणवीर को शुभकामनाएं दी थीं। एमी के मुताबिक उस समय रणवीर अपनी फिल्म और निजी जीवन को लेकर काफी भावुक थे।
गौरतलब है कि एमी विर्क और रणवीर सिंह के बीच अच्छी दोस्ती है। दोनों कलाकार साल 2021 में रिलीज हुई फिल्म ‘83’ में साथ काम कर चुके हैं। इसी वजह से एमी ने इस पूरे मामले पर अपनी व्यक्तिगत राय भी खुलकर रखी।
वहीं, दूसरी ओर ‘डॉन 3’ विवाद अब कानूनी और पेशेवर बहस का रूप ले चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर सिंह के फिल्म छोड़ने के बाद प्रोडक्शन हाउस को भारी नुकसान का दावा किया गया है। हालांकि अभिनेता की ओर से इस मामले में अलग पक्ष भी सामने आया है। ऐसे में सभी की नजरें अब इस विवाद के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।