डिजिटल डेस्क- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उत्तर प्रदेश की ‘डबल इंजन’ सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि आज पूरे देश और प्रदेश में भाजपा के खिलाफ एक मजबूत माहौल बन चुका है। शिवपाल यादव ने दावा किया कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की करारी हार होगी और समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे तो संभलेगा नहीं लॉ एंड ऑर्डर
सपा सांसद डिंपल यादव और अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर सोशल मीडिया पर की जा रही अभद्र टिप्पणियों को लेकर शिवपाल सिंह यादव का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखा। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन को कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी ओछी हरकतें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। शिवपाल यादव ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता इस अन्याय के खिलाफ जिले-जिले में सड़कों पर उतर आए, तो सरकार के लिए प्रदेश की कानून-व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) को संभालना मुश्किल पड़ जाएगा। उन्होंने साफ किया कि विपक्ष की बेटियों पर अमर्यादित टिप्पणी करने वालों पर अगर जल्द और सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो सपा चुप नहीं बैठेगी।
जब पानी सिर से ऊपर जाता है, तो जनता खुद फैसला करती है
जब शिवपाल यादव से पूछा गया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में अगर सत्ताधारी दल द्वारा सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग किया गया, तो समाजवादी पार्टी की क्या रणनीति होगी? इस पर उन्होंने बेहद दार्शनिक और आक्रामक अंदाज में जवाब दिया। शिवपाल यादव ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत जनता होती है। जब किसी भी सरकार के अत्याचार और एजेंसियों के दुरुपयोग की हद पार हो जाती है, तो फिर जनता ही आगे आकर सत्ता को उखाड़ फेंकती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब वही समय आ गया है, जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार को प्रदेश की जनता खुद अपने वोटों की ताकत से पलटने का काम करेगी।
विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर सपा का रुख साफ
आगामी चुनावों में अन्य दलों के साथ गठबंधन के सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी की स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति में गठबंधन की बात केवल उन्हीं दलों से की जा सकती है, जिनके पास जमीन पर ताकत हो और जो चुनाव जीतने का माद्दा रखते हों। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जो पार्टी जीतने की स्थिति में होगी, सिर्फ उसी से बात संभव है। अगर कोई दल जीतने की क्षमता नहीं रखता, तो समाजवादी पार्टी को किसी बैसाखी की जरूरत नहीं है। सपा आज की तारीख में उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी और मजबूत पार्टी है और हम अपने दम पर भाजपा को शिकस्त देने में पूरी तरह सक्षम हैं।”