जेनिफर विंगेट को मिला नया प्यार? शादी की खबरों ने मचाई हलचल

KNEWS DESK – टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री जेनिफर विंगेट एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में उनकी दूसरी शादी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि जेनिफर की जिंदगी में एक बार फिर प्यार ने दस्तक दी है और वह जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकती हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेनिफर विंगेट का नाम सिंगापुर के बिजनेसमैन विलियम इस्माइल के साथ जोड़ा जा रहा है। कहा जा रहा है कि दोनों पिछले कुछ समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और उनका रिश्ता अब अगले पड़ाव की ओर बढ़ रहा है। हालांकि इन खबरों पर अभी तक जेनिफर या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

शादी की अटकलों को उस समय और हवा मिली जब जेनिफर ने सोशल मीडिया पर वेडिंग और ब्राइडल से जुड़े कई अकाउंट्स को फॉलो करना शुरू किया। इसके अलावा एक वायरल रील पर उनके कमेंट ने भी फैंस के बीच चर्चाओं को तेज कर दिया।

रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि विलियम इस्माइल ने छुट्टियों के दौरान जेनिफर को प्रपोज किया था और अभिनेत्री ने उनके प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों अपनी शादी की तैयारियों में जुटे हुए हैं और वेन्यू से लेकर अन्य व्यवस्थाओं पर काम चल रहा है।

https://www.instagram.com/p/DZB-p4rjFjG/

सूत्रों के अनुसार, यह शादी पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के बजाय क्रिश्चियन वेडिंग के रूप में आयोजित की जा सकती है। फिलहाल शादी की संभावित तारीख को लेकर सितंबर-अक्टूबर या फिर साल के आखिर में दिसंबर-जनवरी का समय चर्चा में है।

गौरतलब है कि जेनिफर विंगेट ने अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से शादी की थी, लेकिन दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका और उनका तलाक हो गया था। अब करीब 12 साल बाद एक बार फिर उनकी शादी की खबरें फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा रही हैं।

हालांकि जब तक जेनिफर खुद इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं करतीं, तब तक इन खबरों को सिर्फ अटकलें ही माना जा रहा है। लेकिन इतना जरूर है कि अभिनेत्री की शादी की चर्चाएं इस समय मनोरंजन जगत का बड़ा विषय बनी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *