होर्मुज स्ट्रेट में अपाचे हेलिकॉप्टर क्रैश, दोनों पायलटों को बचाया गया

KNEWS DESK- होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी सेना का एक AH-64 अपाचे अटैक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि हेलिकॉप्टर में सवार दोनों पायलटों को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया गया है। हादसे के कारणों को लेकर अभी तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना उस संवेदनशील क्षेत्र में हुई है जहां पिछले कुछ समय से सैन्य तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी अखबार The New York Times ने दो अधिकारियों के हवाले से इस हादसे की पुष्टि की है, हालांकि अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

अमेरिकी रक्षा विभाग और यूएस सेंट्रल कमांड ने भी इस घटना पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। यह स्पष्ट नहीं है कि हेलिकॉप्टर किसी तकनीकी खराबी के कारण गिरा, या फिर किसी संभावित हमले की वजह से यह हादसा हुआ।

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब होर्मुज स्ट्रेट और उसके आसपास के क्षेत्रों में तनाव चरम पर है। हाल के दिनों में ईरान और इजराइल के बीच सैन्य टकराव की खबरों के बाद क्षेत्र में स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है। युद्धविराम जैसे हालात बनने के बावजूद तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

अमेरिकी सेना इस रणनीतिक इलाके में लगातार निगरानी और सुरक्षा अभियान चला रही है। इसमें अपाचे हेलिकॉप्टरों के साथ-साथ MQ-9 रीपर ड्रोन, F/A-18 और F-35 जैसे एडवांस लड़ाकू विमान भी शामिल हैं। इनका उपयोग क्षेत्र में अमेरिकी हितों और समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है।

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि पिछले कुछ समय में ईरान ने कई अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया है, जिससे क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां और तेज हो गई हैं।

अपाचे हेलिकॉप्टर, जिसे दुनिया के सबसे घातक अटैक हेलिकॉप्टरों में गिना जाता है, आधुनिक हथियार प्रणाली और मिसाइल क्षमता से लैस होता है। इसका उपयोग मुख्य रूप से दुश्मन के ठिकानों पर हमला करने और निगरानी अभियानों में किया जाता है।

फिलहाल हादसे की जांच जारी है और अमेरिकी सेना की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *